निर्माणाधीन पानी की टंकी नदी में समाई, जांच के लिए टीम गठित
शेरगढ़ ब्लॉक के बैरमनगर में किच्छा नदी के तेज कटान की चपेट में जल जीवन मिशन की निर्माणाधीन पानी की टंकी नदी में समा गई। मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित की गई है।
किच्छा नदी के तेज कटान में निर्माणाधीन पानी की टंकी ढह गई।
चारदीवारी के बाद टंकी के कॉलम भी कटान की चपेट में आए।
एसडीएम ने जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित की।
जन माध्यम
बरेली। लगातार हो रही बारिश के बीच किच्छा नदी का कटान बढ़ने से शेरगढ़ ब्लॉक के बैरमनगर में जल जीवन मिशन के तहत निर्माणाधीन पानी की टंकी नदी में समा गई। टंकी का निर्माण पूरा नहीं हुआ था और मौके पर उसके कॉलम खड़े किए गए थे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
बताया गया कि नदी का कटान बढ़ने से पहले टंकी की सुरक्षा के लिए बनाई गई चारदीवारी भी नदी में समा गई थी। इसके बाद कटान का दायरा बढ़ता गया और निर्माणाधीन टंकी भी इसकी चपेट में आकर ढह गई।
घटना की जानकारी मिलने पर अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। नदी के बढ़ते कटान को देखते हुए सोलर पैनल, डीजी, स्काडा और जनरेटर समेत अन्य सामान को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया। हालांकि पानी की टंकी को नहीं बचाया जा सका।
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बताया कि बैरमनगर में जल जीवन मिशन के तहत पानी की टंकी का निर्माण कराया जा रहा था। किच्छा नदी में तेज कटान के कारण निर्माणाधीन टंकी नदी में समा गई। मामले की जांच के लिए एसडीएम ने तीन सदस्यीय टीम गठित की है।