कूटरचित दस्तावेज तैयार कर असली वारिस को पैतृक संपत्ति से वंचित कर दिया

बहेड़ी में सौतेली मां व रिश्तेदारों ने कूटरचित बैनामों से करोड़ों की पैतृक संपत्ति बेच दी। एसएसपी के आदेश पर 10 आरोपियों पर गंभीर धाराओं में केस दर्ज हुआ।

कूटरचित दस्तावेज तैयार कर असली वारिस को पैतृक संपत्ति से वंचित कर दिया
HIGHLIGHTS:

➡️ सौतेली मां और रिश्तेदारों पर संपत्ति हड़पने का आरोप
➡️ कूटरचित बैनामों से करोड़ों की संपत्ति बेची गई
➡️ असली वारिस अखिलेश कुमार बेघर होने को मजबूर
➡️ पुलिस से मदद न मिलने पर एसएसपी से की शिकायत

मुमताज अली । जन माध्यम

बहेड़ी (बरेली)। सौतेली मां और उसके रिश्तेदारों ने मिलकर करोड़ों की संपत्ति को कूटरचित बैनामे के जरिए फर्जीवाड़ा कर बेच दिया। उसे संपत्ति के बाकी वारिस बेघर हो गए। पीड़ित ने मामले की शिकायत स्थानी पुलिस से की लेकिन उसको कोई मदद नहीं मिली। मामले की शिकायत एसएसपी से की गई। एसपी के आदेश पर 10 लोगों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

चौडेरा गांव के अखिलेश कुमार ने बताया कि उनकी मां माया देवी की मृत्यु के बाद उनके पिता ने गांव की चंपा देवी से दूसरी शादी कर ली थी। चंपा देवी के आते ही परिवार में संपत्ति को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप लगाया है कि उसके पिता ने वर्ष 2010 में मुड़िया नवी बक्स गांव में जमीन खरीदी थी और उस पर दुकान और मकान बनाया था। एक दुकान बेच दी गई और बाकी बची दो दुकानों को किराए पर दे दिया। उनके पिता का कहना था कि यह दुकान पहली पत्नी से हुई संतानों को दी जाएगी। आरोप है वर्ष 2018 में उनके पिता पर दबाव बनाकर मकान का बैनामा गिरीश कुमार के नाम करा लिया गया। उसके पिता ने दुकान का बैनामा कराने से इनकार कर दिया। उसके पिता की मृत्यु के बाद चंपा देवी ने षड्यंत्र रचकर कूट रचित दस्तावेज तैयार कर 2022 में बैनामा गिरीश कुमार के नाम करा दिया गया। बाद में यही संपत्ति सीमा देवी के नाम ट्रांसफर करा दी गई।

अखिलेश कुमार ने बताया वह अपने पिता का इकलौता वारिस है। कानूनी रूप से उसके पिता ने दूसरी शादी नहीं की थी केवल महिला उसके पिता के संपर्क में आई थी। उसको उसके पिता की संपत्ति से फर्जी वाड़ा कर छीन ली गई। वह अपने नाना के घर रहकर जीवन यापन कर रहा है। पीड़ित ने एसएसपी अनुराग आर्य से पूरे मामले की शिकायत दस्तावेज के साथ प्रस्तुत की।

एसपी के आदेश पर पुलिस ने चंपा देवी, गिरीश कुमार निवासी अमरिया, भोगराम निवासी मुड़िया नसीर, नत्थू लाल निवासी ललौरी खेड़ा, प्रेम नारायण, सीमा देवी, वेद प्रकाश निवासी भोगपुर, विजयपाल चौडेरा, हरेंद्र कुमार निवासी सुकटिया, वकील रीतराम मौर्य निवासी मुड़िया नसीर के खिलाफ कूटरचित दस्तावेज तैयार करना, वसीयत आदि जालसाजी करना, सहिन कई संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।