दिल्ली के लिए सीधी ट्रेन की मांग हुई तेज
बहेड़ी से दिल्ली के लिए सीधी ट्रेन चलाने की मांग को लेकर व्यापार मंडल ने जन-हस्ताक्षर अभियान तेज कर दिया है। अब तक 10 हजार से अधिक लोग समर्थन दे चुके हैं।
• बहेड़ी से दिल्ली के लिए सीधी ट्रेन चलाने की मांग को लेकर अभियान तेज।
• अब तक 10 हजार से अधिक लोग हस्ताक्षर कर समर्थन दे चुके हैं।
• मांग पत्र जल्द डीआरएम और केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद को सौंपा जाएगा।
जन माध्यम
बहेड़ी/बरेली। बहेड़ी और आसपास के 400 से अधिक गांवों को देश की राजधानी दिल्ली से सीधे रेल मार्ग से जोड़ने की मांग अब जोर पकड़ने लगी है। इस मुद्दे को लेकर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल, बहेड़ी की एक बैठक नारायण नगला रोड स्थित 7 डेज़ रेस्टोरेंट में आयोजित की गई, जिसमें व्यापारियों और पदाधिकारियों ने बहेड़ी से दिल्ली के लिए एक जोड़ी सीधी ट्रेन चलाने की मांग को प्रमुखता से उठाया।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि बहेड़ी से देश के विभिन्न हिस्सों के लिए रेल सेवाएं उपलब्ध हैं, लेकिन दिल्ली के लिए सीधी ट्रेन न होने से व्यापारियों, मरीजों, छात्रों और आम यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है। व्यापारिक कार्यों के लिए दिल्ली जाने वाले लोगों को कई बार ट्रेन बदलनी पड़ती है, जिससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त लागत बढ़ जाती है।
व्यापार मंडल द्वारा चलाए जा रहे जन-हस्ताक्षर अभियान को क्षेत्र की जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है। संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि अब तक 10 हजार से अधिक लोग हस्ताक्षर कर अपनी सहमति दे चुके हैं। अभियान के तहत 25 हजार से 50 हजार हस्ताक्षर जुटाने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि मजबूत जनसमर्थन के साथ रेलवे प्रशासन और केंद्र सरकार के समक्ष मांग रखी जा सके।
व्यापार मंडल अध्यक्ष सलीम रहवर ने कहा कि इस जनहित के मुद्दे से अधिवक्ताओं, चिकित्सकों, शिक्षकों, ट्रांसपोर्टरों और विभिन्न सामाजिक संगठनों को भी जोड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि जल्द ही व्यापारियों का प्रतिनिधिमंडल इज्जतनगर मंडल के डीआरएम से मुलाकात करेगा। इसके अलावा क्षेत्रीय सांसद एवं केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद को भी जन-हस्ताक्षर अभियान की फाइल सौंपकर बहेड़ी से दिल्ली के लिए सीधी ट्रेन संचालित करने की मांग की जाएगी।
बैठक में तहसील अध्यक्ष अतुल गर्ग, महामंत्री आसिफ रिजवी, संरक्षक हाजी मोहम्मद रजा, हाजी मोहम्मद अशरफ, उमर रशीद, जलीस शाहजी, वसीम आइडिया, शादाब मुनीम, नदीम फैंसी, तय्यब कासमी, फारुख वाजिद, अलीम पप्पू, बबलू अमीर, योगेश गुप्ता, हाजी ताहिर, लईक शेरी, वासिफ संगम, सत्यवीर राठौर, आदिल मेक्सवेल, शादाब मदार और विवेक सक्सेना सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में उपस्थित सभी लोगों ने एक स्वर में कहा कि “हर हस्ताक्षर बहेड़ी की आवाज़ है” और क्षेत्रवासियों से इस अभियान में अधिक से अधिक संख्या में जुड़ने की अपील की।