भारतीय वायुसेना में चयनित हुईं सेंथल की अंजलि
सेंथल की अंजलि मौर्य का अग्निवीर योजना के तहत भारतीय वायुसेना में चयन हुआ है। साधारण परिवार से आने वाली अंजलि की सफलता पर नगरवासियों ने सम्मानित कर शुभकामनाएं दीं।
अग्निवीर योजना के तहत भारतीय वायुसेना में सेंथल की अंजलि मौर्य का चयन।
साधारण परिवार की बेटी ने मेहनत के दम पर हासिल की सफलता।
प्रशिक्षण के लिए रवाना होने से पहले नगरवासियों ने सम्मानित कर दी शुभकामनाएं।
जन माध्यम
सेंथल । भारत सरकार की अग्निपथ योजना के अंतर्गत भारतीय वायुसेना में हुए चयन में सेंथल की अंजलि मौर्य ने स्थान बनाकर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। पूरे देश से चयनित 200 युवतियों में शामिल अंजलि की सफलता की खबर मिलते ही नगर में खुशी का माहौल बन गया।
मोहल्ला चौधरी निवासी अंजलि मौर्य साधारण परिवार से हैं। उनके पिता हेतराम मौर्य टुक-टुक चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, जबकि उनके ताऊ पौधों का व्यवसाय करते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद अंजलि ने अपनी मेहनत और लगन के बल पर भारतीय वायुसेना में चयन हासिल किया।
प्रशिक्षण के लिए रवाना होने से पहले अंजलि ने श्री शिव-पार्वती मौर्य मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद परिजनों, रिश्तेदारों और नगरवासियों ने उन्हें फूल-मालाएं पहनाकर सम्मानित किया, मिठाई खिलाई और शुभकामनाओं के साथ विदाई दी। इस अवसर पर उन्हें श्रीमद्भगवद्गीता भी भेंट की गई।
अंजलि के परिवार के लिए यह दूसरी बड़ी उपलब्धि भी है। इससे पहले उनके बड़े भाई आकाश मौर्य का भी अग्निवीर योजना के तहत भारतीय वायुसेना में चयन हो चुका है और वह वर्तमान में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
इस अवसर पर डॉ. लेखराज मौर्य, डॉ. आर.बी. लाल मौर्य, वरिष्ठ भाजपा नेता सेवाराम मौर्य, कन्हई लाल मौर्य, उमाकांत जोशी, आशीष देवल, नेमचंद मौर्य, बाबूराम मौर्य, भगत जी, चन्द्रपाल मौर्य, पी.के. मौर्य, विष्णु मौर्य, जगदीश मौर्य सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।