यूपी सरकार के आठ साल पूरे होने पर तीन दिवसीय कार्यक्रमों का आयोजन: उत्तर प्रदेश बीमार से विकसित राज्य बन गया है बोले- जेपीएस राठौर

यूपी सरकार के आठ साल पूरे होने पर तीन दिवसीय कार्यक्रमों का आयोजन: उत्तर प्रदेश बीमार से विकसित राज्य बन गया है बोले- जेपीएस राठौर
HIGHLIGHTS:

1. मंत्री जेपीएस राठौर ने राज्य की प्रगति और सरकार की योजनाओं पर प्रकाश डाला।
2. एडीजी रमित शर्मा ने महिला सशक्तिकरण और योजनाओं के लाभ की अपील की।
3. राठौर ने लाभार्थियों को चेक और प्रमाण पत्र वितरित किए।

बरेली। उत्तर प्रदेश सरकार के आठ साल पूरे होने पर तीन दिवसीय कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। बरेली में बुधवार को कई स्थानों पर कार्यशालाएं आयोजित की गई, जिनमें स्मार्ट सिटी ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में सहकारिता राज्य मंत्री जेपीएस राठौर बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे। कार्यक्रम में मंत्री ने उत्तर प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राज्य अब बीमार राज्य से विकसित राज्य में बदल चुका है।

उन्होंने कहा कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के निवासियों को सरकारी योजनाओं के बारे में पूरी जानकारी मिल सके इसके लिए प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। मंत्री राठौर ने तंज कसते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव अब बेरोजगार हो गए हैं। उन्होंने भविष्यवाणी की कि 2027 के विधानसभा चुनावों में समाजवादी पार्टी सिर्फ 27 सीटों तक सिमट जाएगी। राठौर ने प्रदेश सरकार की योजनाओं और प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि अब प्रदेश में खुशहाली का वातावरण है।

कार्यक्रम में एडीजी रमित शर्मा ने प्रदेश सरकार के महिला सशक्तिकरण के प्रति प्रतिबद्धता को लेकर कहा कि सरकार महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के मामले में किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगी। उन्होंने नागरिकों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की और यह सुनिश्चित करने की बात की कि योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाई जा रही है।इस अवसर पर मंडल आयुक्त सौम्या अग्रवाल और आईजी डॉ. राकेश सिंह ने भी प्रदर्शनी का अवलोकन किया। कार्यक्रम के दूसरे दिन प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर ने लाभार्थियों को चेक और प्रमाण पत्र वितरित किए।

इस कार्यक्रम में महापौर डॉक्टर उमेश गौतम, महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना, जिला अध्यक्ष सोमपाल शर्मा, आंवला जिला अध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह सहित कई अन्य भाजपा नेताओं ने भाग लिया।