बरेली में छात्रों का युवा आक्रोश मार्च, पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन

बरेली में परिवर्तनकामी छात्र संगठन के बैनर तले छात्रों और युवाओं ने पेपर लीक के विरोध में युवा आक्रोश मार्च निकाला। प्रदर्शनकारियों ने परीक्षा प्रणाली में सुधार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग उठाई।

बरेली में छात्रों का युवा आक्रोश मार्च, पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन
HIGHLIGHTS:

पेपर लीक के विरोध में छात्रों और युवाओं ने निकाला युवा आक्रोश मार्च।

परीक्षा प्रणाली में सुधार और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग।

प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की भी मांग उठाई।

जन माध्यम
बरेली।
परिवर्तनकामी छात्र संगठन के बैनर तले सोमवार को छात्रों और युवाओं ने पेपर लीक की घटनाओं के विरोध में प्रदर्शन किया। संगठन के शहर सचिव कैलाश के नेतृत्व में दामोदर स्वरूप पार्क में सभा आयोजित की गई, जिसके बाद प्रतिभागियों ने अय्यूब खां चौराहे तक 'युवा आक्रोश मार्च' निकाला। प्रदर्शनकारियों ने पेपर लीक की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।

सभा के दौरान संगठन की पदाधिकारी दिशा ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार छात्रों और युवाओं की मांगों पर गंभीरता से ध्यान नहीं दे रही है। वहीं निशा ने कहा कि लगातार सामने आ रही पेपर लीक की घटनाएं परीक्षा प्रणाली पर सवाल खड़े करती हैं और इसकी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।

कार्यक्रम को क्रांतिकारी लोक अधिकार संगठन के हिमांशु, इंकलाबी मजदूर केंद्र के शहर सचिव ध्यान चंद्र मौर्य तथा ऑटो रिक्शा टेंपो चालक वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष कृष्णपाल ने भी समर्थन दिया। वक्ताओं ने छात्रों, युवाओं और मेहनतकश वर्गों के मुद्दों पर एकजुट होकर लोकतांत्रिक संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया।

बरेली कॉलेज के छात्र देवाशीष ने कहा कि लगातार पेपर लीक की घटनाओं से छात्र और अभिभावक मानसिक तनाव का सामना कर रहे हैं। उन्होंने दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था लागू करने की मांग की।

मार्च के समापन पर शहर सचिव कैलाश ने कहा कि यदि छात्रों की मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। कार्यक्रम में साक्षी, राजन सक्सेना, अमित, प्रकुल, वरुण सक्सेना सहित बड़ी संख्या में छात्र-युवा और समर्थक मौजूद रहे।