सेंथल में दीनदयाल उपाध्याय का स्मरण
सेंथल नगर पंचायत के विभिन्न बूथों पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। वक्ताओं ने एकात्म मानववाद को राष्ट्र निर्माण का मार्गदर्शक विचार बताया।
➡️ सेंथल के बूथों पर पुण्यतिथि कार्यक्रम
➡️ दीनदयाल उपाध्याय को पुष्पांजलि
➡️ एकात्म मानववाद को बताया मार्गदर्शक
सरफरारज़ खान । जन माध्यम
सेंथल (बरेली)। नगर पंचायत सेंथल के तीनों सेक्टरों में भारतीय जनता पार्टी के बूथ अध्यक्षों द्वारा अपने-अपने बूथों पर प्रखर राष्ट्रवादी विचारक और एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उनके चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए गए और उनके विचारों को स्मरण किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित भाजपा नेता एवं पूर्व मंडल अध्यक्ष मनोज शर्मा ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जीवन राष्ट्र सेवा और संगठन निर्माण को समर्पित रहा। उन्होंने बताया कि 11 फरवरी 1968 को दीनदयाल नगर जंक्शन (वाराणसी) के पास पिलर संख्या 673/1276 के समीप उनका शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। उनकी मृत्यु आज भी भारतीय राजनीति के इतिहास का एक महत्वपूर्ण अध्याय मानी जाती है।
मनोज शर्मा ने कहा कि पंडित जी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के चिंतक और कुशल संगठनकर्ता थे तथा भारतीय जनसंघ के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने संगठन को नई दिशा दी। उन्होंने भारत की सनातन विचारधारा को आधुनिक संदर्भ में प्रस्तुत करते हुए “एकात्म मानववाद” का सिद्धांत दिया, जो अंत्योदय—अर्थात समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान—पर आधारित है।
वक्ताओं ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय एक समावेशी और सशक्त भारत के पक्षधर थे। राजनीति के साथ-साथ साहित्य में भी उनकी गहरी रुचि थी। उन्होंने हिंदी और अंग्रेजी में अनेक लेख लिखे, जो विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुए और आज भी वैचारिक मार्गदर्शन प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम में मंडल महामंत्री उमाकांत जोशी, विहिप नेता अविनाश मिश्रा, आशीष देवल, सेवाराम मौर्य, राजेंद्र कश्यप, राहुल गुप्ता, अंकित गुप्ता, जामिन नकवी अज़हर, मुक्तजा मेहंदी, याकूब अली जैदी, उजैर जैदी, विनय चौधरी, चंद्रपाल मौर्य, अली शहीर जैदी सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त ग्राम बरौर में मंडल अध्यक्ष ब्रह्मदत्त अवस्थी के नेतृत्व में, ग्राम हाफिजगंज में विचित्र शंखधार के नेतृत्व में तथा ग्राम लाड़पुर में किसान मोर्चा जिला मीडिया प्रभारी छत्रपाल प्रजापति के नेतृत्व में भी पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।