अव्यवस्था पर भड़की सीडीओ की सख्ती

वृंदावन के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आयुष्मान शिविर में अव्यवस्थाएं मिलने पर सीडीओ डॉ पूजा गुप्ता ने कड़ी नाराजगी जताते हुए नोटिस जारी किया।

अव्यवस्था पर भड़की सीडीओ की सख्ती
HIGHLIGHTS:

शिविर में नहीं मिले जिम्मेदार अधिकारी

सीडीओ ने मौके पर कर्मचारी को लगाई फटकार

लंबी कतार में इंतजार करते दिखे लोग

मुख्य चिकित्साधिकारी को जारी किया नोटिस

श्याम बिहारी भार्गव। जन माध्यम
मथुरा।
जब इलाज और सुविधा की उम्मीद लेकर लोग घंटों कतार में खड़े हों और सामने सिर्फ लापरवाही नजर आए, तो भरोसा भी धीरे धीरे टूटने लगता है।

जनपद में आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए लगाए जा रहे शिविर में अव्यवस्थाओं का मामला सामने आया है। वृंदावन के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित शिविर में कोई जिम्मेदार अधिकारी मौजूद न होने की सूचना पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ पूजा गुप्ता औचक निरीक्षण के लिए पहुंचीं।

निरीक्षण के दौरान स्थिति चौंकाने वाली रही। शिविर में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी समेत अधिकांश स्टाफ अनुपस्थित मिला और मौके पर केवल एक कर्मचारी ही कार्य करता नजर आया। इस कारण बड़ी संख्या में लोग आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए लंबी प्रतीक्षा करते दिखे।

मौके पर अव्यवस्था देखकर मुख्य विकास अधिकारी ने मौजूद कर्मचारी को कड़ी फटकार लगाई और तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।

स्थिति को गंभीरता से लेते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को नोटिस जारी किया है। नोटिस में शिविर स्थलों पर नियमित निगरानी और पर्यवेक्षण न किए जाने को लेकर स्पष्टीकरण मांगा गया है।

मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट कहा कि भविष्य में इस तरह की लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।