ट्रक की टक्कर से ईको कार पलटी, महिला की मौत
बरेली-पीलीभीत मार्ग पर ट्रक की टक्कर से ईको कार पलट गई। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसकी बहन और पांच वर्षीय बेटा घायल हो गए।
• पीलीभीत-बरेली मार्ग पर ट्रक की टक्कर से ईको कार पलट गई।
• हादसे में कोमल शुक्ला की इलाज के दौरान मौत, बहन और बेटा घायल।
• पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, फरार ट्रक चालक की तलाश जारी।
जन माध्यम
बरेली। पीलीभीत-बरेली मार्ग पर सोमवार शाम हुए सड़क हादसे में ट्रक की टक्कर से ईको कार पलट गई। हादसे में कार सवार 28 वर्षीय कोमल शुक्ला की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि उनकी बहन और पांच वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बारादरी थाना क्षेत्र की स्वतंत्रता संग्राम कॉलोनी निवासी कोमल शुक्ला अपनी बहन झलक शुक्ला और पांच वर्षीय बेटे सुशांत के साथ पीलीभीत जनपद के गजरौला क्षेत्र स्थित अपने मामा के घर आयोजित जन्मदिन समारोह से ईको कार द्वारा बरेली लौट रही थीं। इसी दौरान जरा चौकी के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी कार में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि ईको कार सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने कोमल शुक्ला को मृत घोषित कर दिया। झलक शुक्ला और मासूम सुशांत का उपचार जारी है।
परिजनों के अनुसार, कोमल शुक्ला का विवाह करीब नौ वर्ष पहले हुआ था। वैवाहिक विवाद के चलते वह पिछले लगभग छह वर्षों से अपने पिता संजय शुक्ला के साथ मायके में रह रही थीं।
घटना की सूचना मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही दुर्घटना के बाद फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।