टोना-टोटका करने वाले व्यक्ति के अपहरण का आरोप
बरेली के नवाबगंज में टोना-टोटका करने वाले व्यक्ति के कथित अपहरण और तीन लाख रुपये की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। पुलिस ने तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी है।
• नवाबगंज निवासी व्यक्ति के कथित अपहरण का आरोप, तीन लाख रुपये की फिरौती मांगने का दावा।
• पीड़ित की पिटाई का कथित वीडियो सामने आने से परिवार में दहशत।
• पुलिस ने तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू की, जांच के बाद होगी कार्रवाई।
जन माध्यम
नवाबगंज/ बरेली। नवाबगंज थाना क्षेत्र के ईंध जागीर ग्राम स्थित यासीन नगर बस्ती निवासी मोहम्मद जहूर अहमद नूर के कथित अपहरण और फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि जहूर अहमद, जो कथित तौर पर टोना-टोटका का काम करते हैं, को अगवा कर तीन लाख रुपये की फिरौती मांगी जा रही है। इस बीच उनकी पिटाई का एक कथित वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल होने से परिवार में दहशत का माहौल है।
पीड़ित की पत्नी माजदा बेगम ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि दो दिन पहले किसी व्यक्ति का फोन आने के बाद उनके पति इलाहाबाद जाने की बात कहकर घर से निकले थे। उन्होंने दो-तीन दिन में लौटने की बात कही थी, लेकिन इसके बाद उनका कोई पता नहीं चला।
परिजनों का आरोप है कि बाद में भदोही जनपद की ज्ञानपुर तहसील के कोइराना कस्बे के एक व्यक्ति का फोन आया, जिसने जहूर अहमद नूर को छोड़ने के बदले तीन लाख रुपये की फिरौती की मांग की। इसी दौरान सोशल मीडिया पर उनकी पिटाई का एक कथित वीडियो भी सामने आया, जिससे परिवार की चिंता और बढ़ गई। परिजनों का कहना है कि वे किसी तरह फिरौती की रकम का इंतजाम करने की कोशिश कर रहे हैं।
थाना प्रभारी अरुण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हो गई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।