पेड़ के पास बैठे व्यक्ति को कार ने कुचला, मौत के बाद समझौते से उठे सवाल
बरेली के शाही क्षेत्र में कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई और एक व्यक्ति की मौत हो गई। पोस्टमार्टम न कराए जाने और समझौते के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।
अनियंत्रित कार पेड़ से टकराकर दो लोगों पर चढ़ी
एक की मौके पर मौत, दूसरा घायल
पोस्टमार्टम न होने और समझौते पर उठे सवाल
पुलिस की कार्यशैली पर ग्रामीणों में नाराजगी
जन माध्यम
शाही।बरेली। सुबह की शांत हवा में अचानक ऐसा शोर उठा जिसने एक परिवार की दुनिया हमेशा के लिए उजाड़ दी। रविवार सुबह शाही क्षेत्र के गांव खजुरिया में एक दर्दनाक हादसे में 50 वर्षीय बेदराम की मौके पर मौत हो गई, जबकि पूरन लाल घायल हो गए। बताया जा रहा है कि बेदराम अपने घर के सामने पीपल के पेड़ के पास बैठे थे। उसी समय गांव के पूरन लाल वहां पहुंचे और दोनों बातचीत करने लगे।
इसी दौरान एक व्यक्ति अपने रिश्तेदार के बच्चों को इको कार में घुमाने के लिए लेकर जा रहा था। कार स्टार्ट होते ही अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे पेड़ से टकराते हुए दोनों लोगों के ऊपर चढ़ गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसमें बेदराम की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। आरोप है कि सूचना के बावजूद पुलिस मौके पर नहीं पहुंची, जबकि थाना गांव से महज डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर है।
ग्रामीणों का कहना है कि न तो घटनास्थल का मुआयना किया गया और न ही मृतक का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाकर समझौता करवा दिया और अंतिम संस्कार की अनुमति दे दी।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि अगर निष्पक्ष जांच और पोस्टमार्टम होता तो पीड़ित परिवार को न्याय मिल सकता था।
मृतक बेदराम के दो छोटे बेटे हैं और वह हिमाचल प्रदेश में मजदूरी कर परिवार का पालन करते थे। पत्नी की तबीयत खराब होने के कारण वह इन दिनों घर पर ही थे।
इस संबंध में थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह से बात की गई तो उन्होंने घटना की जानकारी होने से इनकार कर दिया। गांव में इस घटना को लेकर शोक का माहौल बना हुआ है।