युवती से छेड़छाड़, तीन पर मुकदमा दर्ज

बरेली के शाही थाना क्षेत्र के दुनका गांव में युवती से छेड़छाड़, घर में घुसकर मारपीट और धमकी देने के आरोप में पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

युवती से छेड़छाड़, तीन पर मुकदमा दर्ज
HIGHLIGHTS:

• दुनका गांव में युवती से छेड़छाड़ और मारपीट का मामला दर्ज।

• तीन नामजद आरोपियों पर घर में घुसकर अभद्रता और धमकी देने का आरोप।

• पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।

जन माध्यम
बरेली
जिले के शाही थाना क्षेत्र के ग्राम दुनका में एक युवती से छेड़छाड़, घर में घुसकर मारपीट और धमकी देने के आरोप में पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई तहरीर में पीड़िता ने बताया कि 30 जून को वह अपनी मां के साथ घर पर मौजूद थी। आरोप है कि इसी दौरान गांव के समीर पुत्र अकबर, शादाव पुत्र निसार और तनवीर पुत्र असगर अपने कुछ साथियों के साथ लाठी-डंडे लेकर उसके घर में घुस आए।

पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने उसके साथ अभद्रता करते हुए उसे कमरे में खींचने का प्रयास किया। विरोध और खींचतान के दौरान उसके कपड़े भी फाड़ दिए गए। शोर सुनकर उसकी मां मौके पर पहुंची, जिसके बाद आरोपी वहां से चले गए।

पीड़िता का कहना है कि विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और धमकी दी कि "आज तो बच गई, आगे नहीं बचेगी।" घटना के बाद उसने थाना शाही पहुंचकर तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।

थानाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।