डंफर की टक्कर से ट्रैक्टर चालक की मौत, साथी गंभीर

बरेली के देवरनियां क्षेत्र में डंफर की टक्कर से ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

डंफर की टक्कर से ट्रैक्टर चालक की मौत, साथी गंभीर
मृतक का फाइल फोटो
HIGHLIGHTS:

तेज रफ्तार डंफर ने ट्रैक्टर में मारी टक्कर

ट्रैक्टर चालक की मौके पर मौत

साथी गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

पुलिस ने डंफर को कब्जे में लेकर जांच शुरू की

जन माध्यम
बरेली।
सुबह की पहली किरण से पहले ही एक घर की रोशनी बुझ गई और खुशियों की जगह सन्नाटा पसर गया। देवरनियां क्षेत्र में रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रैक्टर चालक हरेंद्र की मौत हो गई, जबकि उसका साथी संतोष कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंफर ने ट्रैक्टर में जोरदार टक्कर मार दी।

परिजनों के अनुसार 35 वर्षीय हरेंद्र पुत्र गिरिवर सिंह निवासी भगवतीपुर थाना बिथरी चैनपुर, उत्तराखंड के किच्छा से पशुओं के लिए चोकर लेकर ट्रैक्टर ट्रॉली से वापस लौट रहे थे। उनके साथ उनका फुफेरा भाई संतोष कुमार भी मौजूद था।

सुबह करीब तीन से चार बजे के बीच देवरनियां के पास पीछे से आए डंफर ने ट्रैक्टर को टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने हरेंद्र को मृत घोषित कर दिया।

संतोष कुमार की हालत गंभीर होने के कारण उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

पुलिस ने मौके से डंफर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। बताया जा रहा है कि हरेंद्र अविवाहित थे और परिवार का सहारा थे।