पम्प ऑपरेटरों ने 20 हजार रुपये मानदेय की मांग उठाई
ग्रामीण जल जीवन मिशन के पम्प ऑपरेटरों ने आउटसोर्सिंग व्यवस्था में शामिल करने और 20 हजार रुपये मासिक मानदेय की मांग की।
ग्रामीण जल जीवन मिशन के पम्प ऑपरेटरों ने 20 हजार रुपये मासिक मानदेय की मांग की।
मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एडीएम सिटी को सौंपा गया।
पीएफ, ईएसआई, दुर्घटना बीमा और साप्ताहिक अवकाश समेत सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं मांगीं।
जन माध्यम
बरेली। ग्रामीण जल जीवन मिशन में कार्यरत पम्प ऑपरेटरों ने आउटसोर्सिंग व्यवस्था में शामिल करने और मासिक मानदेय बढ़ाकर 20 हजार रुपये किए जाने की मांग की है। इस संबंध में अमित कुमार, यशपाल, सुरजीत सिंह और विजेंद्र सिंह के नेतृत्व में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिला अधिकारी कार्यालय में एडीएम सिटी को सौंपा गया।
पम्प ऑपरेटरों ने बताया कि वे ग्रामीण जल जीवन मिशन के तहत स्थापित पानी की टंकियों और पेयजल योजनाओं के संचालन की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। पम्प और मोटर चलाने, पानी की आपूर्ति, उपकरणों की देखरेख और ग्रामीणों को नियमित पेयजल उपलब्ध कराने का कार्य उनके जिम्मे है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में वे एनसीसी कंपनी के माध्यम से सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन कार्य की जिम्मेदारी और तकनीकी प्रकृति के अनुरूप वेतन व सुविधाएं पर्याप्त नहीं हैं।
ज्ञापन में वर्तमान पम्प ऑपरेटरों को नियमानुसार आउटसोर्सिंग व्यवस्था में शामिल करने, 20 हजार रुपये मासिक वेतन निर्धारित करने तथा पीएफ, ईएसआई, दुर्घटना बीमा और सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं देने की मांग की गई। इसके अलावा साप्ताहिक अवकाश, वैधानिक छुट्टियां, सुरक्षा उपकरण, पहचान-पत्र और सेवा संबंधी आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई।