एनडीआरएफ ने नाविकों और गोताखोरों को दिया प्रशिक्षण

मथुरा में एनडीआरएफ की 8वीं वाहिनी ने सिविल नाविकों और गोताखोरों को आपदा प्रबंधन एवं जल बचाव तकनीकों का विशेष प्रशिक्षण दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने किया।

एनडीआरएफ ने नाविकों और गोताखोरों को दिया प्रशिक्षण
HIGHLIGHTS:

एनडीआरएफ ने मथुरा में सिविल नाविकों और गोताखोरों को विशेष प्रशिक्षण दिया।
केशीघाट, विश्रामघाट और बंगालीघाट पर जल बचाव का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया।
जिलाधिकारी ने नाव संचालन में सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए।

श्याम बिहारी भार्गव/जन माध्यम
मथुरा।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, मथुरा के तत्वावधान में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की 8वीं वाहिनी, गाजियाबाद द्वारा सिविल नाविकों एवं गोताखोरों के लिए एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य जल दुर्घटनाओं और आपदा की स्थिति में प्रभावी बचाव कार्यों की क्षमता को मजबूत करना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने किया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ. पंकज कुमार वर्मा, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे नंद प्रकाश मौर्य, डिप्टी कलेक्टर चंद्र भूषण प्रताप, प्राजक्ता त्रिपाठी तथा जिला आपदा विशेषज्ञ पूजा राणा सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

प्रशिक्षण का सैद्धांतिक सत्र डैम्पियर नगर स्थित पांचजन्य प्रेक्षागृह में आयोजित किया गया। वहीं व्यावहारिक प्रशिक्षण वृंदावन के केशीघाट तथा मथुरा के विश्रामघाट और बंगालीघाट पर संपन्न कराया गया। एनडीआरएफ टीम ने नाव संचालन, जल बचाव तकनीकों, लाइफ जैकेट और अन्य सुरक्षा उपकरणों के सुरक्षित उपयोग का प्रदर्शन करते हुए प्रतिभागियों को व्यवहारिक अभ्यास कराया।

जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने नाविकों को सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने दामिनी और सचेत ऐप डाउनलोड करने, नाव में प्राथमिक उपचार किट, लाइफ बॉय और अन्य सुरक्षा उपकरण रखने, वैध पहचान पत्र एवं लाइसेंस साथ रखने तथा सभी यात्रियों के लिए लाइफ जैकेट अनिवार्य करने पर जोर दिया।

प्रशिक्षण में बड़ी संख्या में सिविल नाविकों और गोताखोरों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने कार्यक्रम को उपयोगी और जनहितकारी बताते हुए कहा कि इससे आपदा की स्थिति में त्वरित और सुरक्षित बचाव कार्यों में मदद मिलेगी।