कर वृद्धि के विरोध में सड़कों पर उतरे लोग

बहेड़ी में गृहकर और जलकर वृद्धि के विरोध में सैकड़ों लोगों ने प्रदर्शन किया। पूर्व पालिकाध्यक्ष नसीम अहमद के नेतृत्व में एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर कर वृद्धि वापस लेने और जांच की मांग की गई।

कर वृद्धि के विरोध में सड़कों पर उतरे लोग
HIGHLIGHTS:

गृहकर और जलकर वृद्धि के विरोध में सैकड़ों लोगों ने प्रदर्शन किया।
पूर्व पालिकाध्यक्ष नसीम अहमद ने अवैध वसूली और मनमाने कर निर्धारण के आरोप लगाए।
एसडीएम ने मामले की जांच के लिए समिति गठित करने का आश्वासन दिया।

मुम्ताज अली/जन माध्यम
बरेली।
 नगर पालिका परिषद बहेड़ी द्वारा गृहकर और जलकर में की गई बढ़ोतरी के विरोध में गुरुवार को सैकड़ों लोगों ने तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। पूर्व पालिकाध्यक्ष नसीम अहमद के नेतृत्व में पहुंचे लोगों ने उपजिलाधिकारी इशिता किशोर को ज्ञापन सौंपकर कर वृद्धि वापस लेने और पूरे प्रकरण की जांच कराने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि नगर पालिका द्वारा निर्धारित गृहकर और जलकर की दरें आम नागरिकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रही हैं। उनका कहना है कि हाल में जारी कर नोटिसों के बाद नगरवासियों में असंतोष बढ़ा है।

पूर्व पालिकाध्यक्ष नसीम अहमद ने आरोप लगाया कि मकानों को अभिलेखों में दर्ज करने और कर निर्धारण के नाम पर लोगों से अवैध धनराशि वसूले जाने की शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने दावा किया कि कई परिवारों को उनकी आर्थिक क्षमता से कहीं अधिक कर के नोटिस जारी किए गए हैं। प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने भी अपनी समस्याएं प्रशासन के सामने रखीं। मोहल्ला नूरीनगर की छोटी आपा और मुन्नी ने बताया कि उनके परिवार मजदूरी कर जीवनयापन करते हैं, ऐसे में भारी-भरकम कर नोटिसों से चिंता बढ़ गई है। उन्होंने कर वृद्धि के फैसले पर पुनर्विचार की मांग की।

करीब 300 लोगों के साथ पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने कर नोटिसों की प्रतियां भी प्रशासन को सौंपीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए उपजिलाधिकारी इशिता किशोर ने जांच समिति गठित कर प्रकरण की जांच कराने का आश्वासन दिया।

नसीम अहमद ने बताया कि कर वृद्धि के विरोध में मुख्यमंत्री, नगर विकास मंत्री, मंडलायुक्त और जिलाधिकारी को भी ज्ञापन भेजा गया है। उन्होंने कहा कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को आगे भी जारी रखा जाएगा। कर निर्धारण और कथित अनियमितताओं संबंधी आरोप प्रदर्शनकारियों एवं ज्ञापन में लगाए गए हैं। इन आरोपों पर नगर पालिका परिषद का पक्ष प्राप्त नहीं हो सका है।