11 हजार वोल्ट की लाइन की चपेट में टेंट मजदूर की मौत

नकटिया स्थित रजा मस्जिद में टेंट लगाते समय 11 हजार वोल्ट की लाइन की चपेट में आने से 40 वर्षीय मजदूर नाजिम की मौत हो गई।

11 हजार वोल्ट की लाइन की चपेट में टेंट मजदूर की मौत
मृतक का फाइल फोटो
HIGHLIGHTS:

नकटिया स्थित रजा मस्जिद में टेंट लगाते समय हुआ हादसा।

11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन की चपेट में आया टेंट का पाइप।

जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने नाजिम को मृत घोषित किया।

जन माध्यम
बरेली।
थाना बिथरी चैनपुर क्षेत्र के सैदपुर खजुरिया निवासी 40 वर्षीय टेंट मजदूर नाजिम की बुधवार सुबह करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा थाना कैंट क्षेत्र के नकटिया स्थित रजा मस्जिद में टेंट लगाते समय हुआ।

टेंट का पाइप विद्युत लाइन के संपर्क में आया

सैदपुर खजुरिया निवासी नाजिम पुत्र साबिर करीब चार वर्षों से इकबाल अहमद के टेंट हाउस पर काम करता था। उसकी पत्नी नूरी ने बताया कि बुधवार सुबह नाजिम नकटिया स्थित रजा मस्जिद में टेंट लगाने गया था। मस्जिद में ग्यारहवीं शरीफ की नियाज का कार्यक्रम होना था।

टेंट लगाने के दौरान पास से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन की चपेट में टेंट का पाइप आ गया। पाइप के संपर्क में आते ही नाजिम को तेज करंट लग गया और वह गंभीर रूप से झुलस गया।

निजी अस्पताल से जिला अस्पताल किया गया रेफर

हादसे के बाद टेंट हाउस मालिक इकबाल अहमद ने नाजिम को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

नाजिम की पत्नी नूरी और सात बच्चे हैं। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।