हाईवे पर चलती कार में लगी भीषण आग, चालक ने कूदकर बचाई जान
बहेड़ी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गुड़वारा के पास हाईवे पर चलती सीएनजी कार में अचानक आग लग गई। चालक ने समय रहते कार रोककर बाहर निकलने से अपनी जान बचाई। फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया।
ग्राम गुड़वारा के पास हाईवे पर चलती सीएनजी कार में अचानक आग लग गई।
चालक ने समय रहते कार रोककर अपने साथी के साथ बाहर निकलकर जान बचाई।
फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया, हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
जन माध्मय
बहेड़ी। बरेली। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गुड़वारा के पास रविवार सुबह करीब 11 बजे बरेली की ओर जा रही एक चलती कार में अचानक आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची तथा कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मारुति जेन कार में सीएनजी किट लगी हुई थी। कार बरेली की ओर जा रही थी। ग्राम गुड़वारा के पास पहुंचते ही वाहन से धुआं निकलना शुरू हो गया। स्थिति को भांपते हुए चालक ने तुरंत कार को सड़क किनारे रोक दिया और अपने साथी के साथ सुरक्षित बाहर निकल आया। इसके कुछ ही क्षण बाद कार पूरी तरह आग की लपटों में घिर गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया और कुछ देर बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। हालांकि तब तक कार का अधिकांश हिस्सा जलकर क्षतिग्रस्त हो चुका था।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि चलती कार में आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड ने तत्काल कार्रवाई की। दोनों सवार पूरी तरह सुरक्षित हैं और घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।