मीरगंज चीनी मिल ने किसानों संग की गोष्ठी
मीरगंज चीनी मिल की ओर से संजरपुर में किसान गोष्ठी आयोजित की गई। किसानों को उन्नत गन्ना प्रजातियों, पेड़ी प्रबंधन और समय पर भुगतान का भरोसा दिलाया गया।
संजरपुर में मीरगंज चीनी मिल ने किसानों के साथ गोष्ठी आयोजित की।
उन्नत गन्ना प्रजातियों और पेड़ी प्रबंधन की जानकारी दी गई।
मिल प्रबंधन ने किसानों को समय पर गन्ना भुगतान का भरोसा दिलाया।
जन माध्यम
मीरगंज/बरेली। फॉरएवर ग्लोबल एंटरप्राइजेज मीरगंज चीनी मिल की ओर से बरेली क्षेत्र के गांव संजरपुर में किसानों के लिए एक गोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता यूनिट हेड विजयवीर सिंह ने की। गोष्ठी में किसानों को गन्ना उत्पादन बढ़ाने की आधुनिक तकनीकों की जानकारी देने के साथ मिल प्रबंधन की योजनाओं से भी अवगत कराया गया।
यूनिट हेड विजयवीर सिंह ने कहा कि चीनी मिल प्रबंधन किसानों के साथ लगातार संवाद बनाए रखेगा और समय-समय पर आयोजित बैठकों के माध्यम से गन्ना खेती की नई तकनीकों की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने किसानों को समय पर गन्ना भुगतान का भी भरोसा दिलाया।
गोष्ठी में पेड़ी प्रबंधन और अधिक उत्पादन देने वाली गन्ने की उन्नत प्रजातियों जैसे को-0118, को-18231, को-लखनऊ-16202, को-लखनऊ-14201 और को-15023 के उपयोग पर विशेष जोर दिया गया। किसानों को इन प्रजातियों का गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने तथा अपने स्तर पर गन्ना बीज नर्सरी तैयार करने की सलाह भी दी गई, जिससे भविष्य में बेहतर और अधिक उत्पादन प्राप्त किया जा सके।
विजयवीर सिंह ने कहा कि किसान और चीनी मिल एक-दूसरे के पूरक हैं। दोनों के बेहतर समन्वय से ही कृषि और उद्योग को मजबूती मिल सकती है।
गोष्ठी में वरिष्ठ महाप्रबंधक (गन्ना) प्रदीप कुमार, अंग्रेज सिंह, वरिष्ठ गन्ना प्रबंधक योगेंद्र सिंह, रतिराम सहित मिल के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं किसान रविंद्र सिंह, रामवीर सिंह, ओंकार, महेंद्र पाल, राम सिंह, लालता प्रसाद, विजयपाल, गयाप्रसाद सहित बड़ी संख्या में कृषकों ने भाग लिया।