मीरगंज: धनेली ओवरब्रिज पर ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी; हादसे में एक की मौत, दो की हालत गंभीर

मीरगंज के धनेली ओवरब्रिज पर गन्ने के बीज से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से दर्दनाक हादसा। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं। पूरी खबर जन माध्यम पर।

मीरगंज: धनेली ओवरब्रिज पर ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी; हादसे में एक की मौत, दो की हालत गंभीर
मीरगंज: धनेली ओवरब्रिज पर पलटी ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीधा करवाती पुलिस टीम।
HIGHLIGHTS:

मीरगंज के धनेली ओवरब्रिज पर गन्ने का बीज लेकर जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलटी।

हादसे में होरीलाल नामक व्यक्ति की मौके पर ही मौत, चालक सहित दो घायल रामपुर रेफर।

पुलिस ने जेसीबी की मदद से ट्रॉली को हटवाकर हाईवे का यातायात सुचारु कराया।

करण पाल सिंह। जन माध्यम

मीरगंज। बरेली। नेशनल हाईवे पर धनेली ओवरब्रिज पर गन्ने का बीज लेकर जा रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में ट्रॉली के नीचे दबने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए हाईवे पर यातायात बाधित रहा।

मिली जानकारी के अनुसार, मीरगंज के ग्राम दियोसास निवासी पिंकू ट्रैक्टर-ट्रॉली में गन्ने का बीज लेकर रिठौंडा मिलक जा रहा था। जैसे ही वाहन धनेली ओवरब्रिज पर पहुँचा, अचानक चालक नियंत्रण खो बैठा और ट्रॉली पलट गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुँचे और राहत कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद ट्रॉली के नीचे दबे चालक पिंकू, लीलाधर और होरीलाल को बाहर निकाला।

घायलों को तत्काल मिलक सीएचसी पहुँचाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने होरीलाल (निवासी रिठौंडा मिलक) को मृत घोषित कर दिया। वहीं पिंकू और लीलाधर की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रामपुर रेफर किया गया है। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी निरीक्षक पुष्कर सिंह और शैलेंद्र प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने जेसीबी मशीन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सीधा कराकर हाईवे को सुचारु कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।