कासगंज-ऐशबाग दैनिक एक्सप्रेस को मिली हरी झंडी, 27 जुलाई से नियमित संचालन शुरू
पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल ने कासगंज-ऐशबाग दैनिक एक्सप्रेस का शुभारंभ किया। 27 जुलाई से ट्रेन का नियमित संचालन शुरू होगा, जिससे बदायूं, बरेली, पीलीभीत, मैलानी, सीतापुर और लखनऊ के बीच रेल संपर्क मजबूत होगा।
कासगंज-ऐशबाग दैनिक एक्सप्रेस का शुभारंभ, 27 जुलाई से नियमित संचालन।
उझानी और पूरनपुर में केंद्रीय मंत्रियों ने ट्रेन को दिखाई हरी झंडी।
नई रेल सेवा से बदायूं, बरेली, पीलीभीत, मैलानी, सीतापुर और लखनऊ के यात्रियों को मिलेगा लाभ।
जन माध्यम
बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल ने यात्रियों को बड़ी सौगात देते हुए कासगंज-ऐशबाग-कासगंज दैनिक एक्सप्रेस (15312/15311) का शुभारंभ कर दिया। शनिवार को उझानी और पूरनपुर रेलवे स्टेशनों पर आयोजित समारोह में उद्घाटन विशेष ट्रेन (05018) को केंद्रीय मंत्रियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। नई ट्रेन का नियमित संचालन 27 जुलाई 2026 से शुरू होगा।
उझानी रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री बी.एल. वर्मा ने कहा कि यह रेल सेवा कासगंज, उझानी और बदायूं क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि इससे विद्यार्थियों, व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों और आम यात्रियों को बरेली, पीलीभीत, मैलानी, सीतापुर और लखनऊ तक बेहतर रेल संपर्क मिलेगा। उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत उझानी स्टेशन के पुनर्विकास की भी सराहना की।
वहीं, पूरनपुर रेलवे स्टेशन पर केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि इस ट्रेन के संचालन से पीलीभीत, पूरनपुर और मैलानी क्षेत्र के लोगों को लखनऊ तक सीधी रेल सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि इससे किसानों, विद्यार्थियों, दैनिक यात्रियों और पर्यटकों को लाभ होगा तथा स्थानीय रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
इज्जतनगर मंडल की मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा ने कहा कि नई ट्रेन व्यापार, रोजगार, चिकित्सा और उच्च शिक्षा के लिए यात्रा करने वाले लोगों के लिए विशेष रूप से उपयोगी साबित होगी। पूरनपुर स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार ने जनप्रतिनिधियों का स्वागत किया।
रेलवे के अनुसार, 27 जुलाई से ट्रेन दोनों दिशाओं में एलएचबी रेक के साथ संचालित होगी। इसमें 16 कोच होंगे, जिनमें वातानुकूलित चेयर कार, नॉन एसी चेयर कार, अनारक्षित द्वितीय श्रेणी, एसएलआर और पावर कार शामिल हैं।
नई समय-सारिणी के अनुसार गाड़ी संख्या 15312 कासगंज से प्रतिदिन सुबह 4:20 बजे प्रस्थान कर उझानी, बदायूं, बरेली जंक्शन, इज्जतनगर, पीलीभीत, पूरनपुर, मैलानी, लखीमपुर और सीतापुर होते हुए दोपहर 1:00 बजे ऐशबाग पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 15311 ऐशबाग से दोपहर 2:00 बजे रवाना होकर रात 10:40 बजे कासगंज पहुंचेगी। नई रेल सेवा से उत्तर प्रदेश के कई महत्वपूर्ण शहरों के बीच आवागमन और अधिक सुगम होने की उम्मीद है।