गोलीकांड के आरोपी फरार, पीड़ित ने लगाई गुहार
बहेड़ी के जाम खजूर गांव में खेत की मेड के विवाद में हुई फायरिंग के मामले में पीड़ित पक्ष ने आरोपियों की गिरफ्तारी और परिवार की सुरक्षा की मांग को लेकर मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाई है।
खेत की मेड के विवाद में हुई फायरिंग के मामले में कई आरोपी अब भी फरार।
पीड़ित पक्ष ने समझौते का दबाव और जान से मारने की धमकियों का आरोप लगाया।
मुख्यमंत्री से आरोपियों की गिरफ्तारी और परिवार की सुरक्षा की मांग की गई।
जन माध्यम
बहेड़ी/बरेल। कोतवाली बहेड़ी क्षेत्र के गांव जाम खजूर में खेत की मेड को लेकर हुए गोलीकांड के मामले में पीड़ित पक्ष ने मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना में नामजद कई आरोपी अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं और लगातार समझौते का दबाव बनाते हुए जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं।
गांव निवासी दानिश खां ने मुख्यमंत्री को भेजे गए प्रार्थना पत्र में बताया कि 24 मई 2026 की सुबह खेत की मेड को लेकर हुए विवाद के दौरान विपक्षी पक्ष के लोग कथित रूप से हथियारों के साथ उनके खेत पर पहुंचे थे। आरोप है कि कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया और फायरिंग की गई। घटना में दो लोगों को गोली लगी थी, जबकि कई अन्य घायल हो गए थे। गोली चलने की घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई थी।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि मामले में मुकदमा दर्ज होने के बावजूद सभी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। आरोप है कि फरार आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और मुकदमा वापस लेने तथा समझौता करने के लिए दबाव बना रहे हैं। विरोध करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां दी जा रही हैं।
दानिश खां ने अपने शिकायती पत्र में यह भी कहा है कि मामले की शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और डीआईजी स्तर तक की जा चुकी है, लेकिन अभी तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से परिवार लगातार भय के साये में जी रहा है।
मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में पीड़ित ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित करने, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और परिवार की सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपी पक्ष लगातार दबाव बना रहा है और परिवार की सुरक्षा को खतरा बना हुआ है। ऐसे में उन्होंने प्रदेश सरकार से हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने की अपील की है।