बरेली में टला बड़ा हादसा सीएनजी सिलेंडरों से भरा ट्रक पलटा

बरेली के संजय नगर चौराहे के पास सीएनजी सिलेंडरों से भरा एचपी गैस का ट्रक पलटने से गैस रिसाव शुरू हो गया। पुलिस और फायर ब्रिगेड की तत्परता से स्थिति पर काबू पा लिया गया और बड़ा हादसा टल गया।

बरेली में टला बड़ा हादसा सीएनजी सिलेंडरों से भरा ट्रक पलटा
HIGHLIGHTS:

बारिश के दौरान संजय नगर चौराहे पर सीएनजी सिलेंडरों से भरा ट्रक पलटा, गैस रिसाव शुरू हुआ।

पुलिस और फायर ब्रिगेड ने क्षेत्र खाली कराकर कई घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाया।

स्थानीय लोगों ने ट्रक चालक को सुरक्षित बाहर निकाला, बड़ा हादसा टल गया।

जन माध्यम
बरेली।
सोमवार सुबह बारिश के दौरान संजय नगर चौराहे के पास हल्द्वानी से लौट रहा एचपी गैस का सीएनजी सिलेंडरों से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद सिलेंडरों से गैस का रिसाव शुरू होने पर इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस, फायर ब्रिगेड और स्थानीय लोगों की सतर्कता से समय रहते स्थिति पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रक में 60 से अधिक खाली सीएनजी सिलेंडर लदे थे। इनमें मौजूद अवशिष्ट गैस के कारण ट्रक पलटने के बाद कुछ सिलेंडरों से गैस का रिसाव शुरू हो गया।

ट्रक चालक ने बताया कि बारिश के कारण सड़क फिसलन भरी थी। ब्रेक लगाने के दौरान वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद चालक केबिन में फंस गया। मौके पर मौजूद ऑटो चालकों और स्थानीय लोगों ने शीशा तोड़कर उसे सुरक्षित बाहर निकाला।

गैस रिसाव की सूचना मिलते ही प्रशासन ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया। एहतियात के तौर पर आसपास की बिजली आपूर्ति भी बंद कर दी गई। घटनास्थल से करीब 200 मीटर की दूरी पर पेट्रोल पंप होने के कारण प्रशासन ने अतिरिक्त सतर्कता बरती।

सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। दो दमकल वाहनों की मदद से गैस रिसाव रोकने और ट्रक के नीचे दबे सिलेंडरों के वाल्व सुरक्षित करने के लिए कई घंटे तक अभियान चलाया गया। इसके बाद स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में लाई गई।

हादसे के दौरान संजय नगर चौराहे के आसपास यातायात अस्थायी रूप से रोक दिया गया और लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई।