हाईवे पर नकली वर्दी का खेल
फतेहगंज पूर्वी में जाम का फायदा उठाकर नकली 112 पुलिसकर्मी ने ठेकेदार से ₹1.07 लाख लूट लिए, पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
➡️ हाईवे जाम में नकली 112 पुलिसकर्मी ने ठेकेदार को बनाया शिकार
➡️ भरोसे का फायदा उठाकर जेब से ₹1.07 लाख उड़ाए
➡️ आरोपी खाकी पैंट में, पुलिसकर्मी होने का दिया झांसा
➡️ पुलिस ने सीसीटीवी खंगालना शुरू किया, खुलासे के निर्देश
➡️ दिनदहाड़े वारदात से क्षेत्र में मचा हड़कंप
जाम का बहाना, चालान की धमकी और ठेकेदार से उड़ाए एक लाख सात हजार रुपए
जन माध्यम
फतेहगंजपूर्वी।बरेली। नेशनल हाईवे पर जाम के बीच एक ऐसी वारदात सामने आई जिसने लोगों का पुलिस पर भरोसा तक हिला दिया। ठेकेदार सत्यप्रकाश से एक बहरूपिये ने पुलिसकर्मी बनकर एक लाख सात हजार रुपये टप्पेबाजी कर लिए और मौके से चुपचाप फरार हो गया। वारदात की कहानी जितनी सरल लगती है, उतनी ही खतरनाक सच्चाई लिए हुए है क्योंकि ठग ने भरोसे की उस खाकी का सहारा लिया, जिसे देखकर आम आदमी बिना सोचे समझे यकीन कर लेता है। गंगानगर निवासी ठेकेदार सत्यप्रकाश बुधवार दोपहर मजदूरों के भुगतान के लिए नकदी लेकर फरीदपुर से टिसुआ जा रहे थे। हाईवे मरम्मत कार्य के चलते ट्रैफिक वन वे था और लंबा जाम लगा हुआ था। इसी दौरान हरियाली पंकज फिलिंग स्टेशन के पास दो युवकों ने उनसे लिफ्ट मांगी। उनमें से एक ने खाकी पैंट पहनी हुई थी और खुद को 112 पुलिसकर्मी बताया। उसने अपने साथी को भी 112 का जवान बताया और जाम का हवाला देकर ठेकेदार से आगे छोड़ने का अनुरोध किया। मानवता और विश्वास के चलते सत्यप्रकाश ने युवक को बाइक पर बैठा लिया, लेकिन जैसे ही वे बाकरगंज मोड़ पहुंचे, नकली पुलिसकर्मी ने उतरने को कहा। बाइक से उतरते ही उसने पलक झपकते ठेकेदार की जेब काट ली और नकदी लेकर हवा हो गया।
कुछ ही क्षणों बाद जब ठेकेदार ने जेब टटोली, तो होश उड़ गए पूरी रकम गायब थी, और आरोपी कहीं दिखता तक नहीं था। सूचना मिलते ही पुलिस और क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंचे और जाँच शुरू कर दी। हाईवे के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। दिनदहाड़े इस टप्पेबाजी ने पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है। क्षेत्राधिकारी संदीप कुमार ने फतेहगंज पूर्वी थाना प्रभारी को जल्द से जल्द मामले का खुलासा करने के निर्देश दिए हैं।
यह घटना चेतावनी है कि जाम में फंसे रास्ते ही नहीं कभी कभी भरोसा भी फंस जाता है।