बहेड़ी: कूड़े के ढेर से ट्रांसफार्मरों में लगी भीषण आग, 4 जलकर खाक
बहेड़ी में नैनीताल रोड पर शिमला जनरल स्टोर के पास 4 ट्रांसफार्मर जलकर खाक। पीडब्ल्यूडी चौकी के क्वार्टर तक पहुंचीं लपटें। आपूर्ति ठप, जेई रवि सैनी ने कूड़े को बताया वजह।
बहेड़ी के नैनीताल रोड पर शिमला जनरल स्टोर के सामने सड़क किनारे रखे बिजली विभाग के 4 ट्रांसफार्मरों में लगी भीषण आग
आग की विकराल लपटों से पास स्थित पीडब्ल्यूडी चौकी के क्वार्टर का एसी कंप्रेसर, पानी का टैंक और पर्दे जले
बिजली विभाग के जेई रवि सैनी का ने कहा "लोगों द्वारा डाले गए कूड़े के कारण लगी आग, विभाग की कोई कमी नहीं"
मुम्ताज अली/जन माध्यम
बहेड़ी (बरेली)। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के बहेड़ी कस्बे में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा सामने आया. नगर के व्यस्ततम नैनीताल रोड स्थित शिमला जनरल स्टोर के सामने सड़क किनारे रखे बिजली विभाग के चार ट्रांसफार्मरों में गुरुवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई. देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप धारण कर लिया कि चारों ट्रांसफार्मर पूरी तरह जलकर खाक हो गए. आग की लपटें इतनी तेज थीं कि वे पास ही स्थित पीडब्ल्यूडी (PWD) चौकी परिसर तक पहुंच गईं, जिससे वहां रखे सामान को भी भारी नुकसान पहुंचा है. इस भीषण अग्निकांड के बाद पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई.
देखते ही देखते लग गया आग का बवंडर
तस्वीर में साफ देखा जा सकता है कि आग कितनी खौफनाक थी और आसमान छूती लपटों के साथ चारों तरफ काले धुएं का गुबार छा गया था. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब आठ बजे ट्रांसफार्मरों से अचानक हल्का धुआं उठने लगा था. जब तक लोग कुछ समझ पाते, तब तक आग ने चारों ट्रांसफार्मरों को अपनी पूरी चपेट में ले लिया. आग इतनी भयानक थी कि ट्रांसफार्मरों से उठी लपटें बिजली के ओवरहेड तारों के सहारे पास स्थित पीडब्ल्यूडी चौकी के क्वार्टर तक पहुंच गईं. इसके कारण क्वार्टर में रखा पानी का टैंक, एसी (AC) का कंप्रेसर तथा दरवाजे पर लगे पर्दे बुरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गए.
खंभे गिरे, इलाके में छाई बिजली संकट से दहशत
आग की तेज तपिश और गर्मी के कारण बिजली के खंभे भी क्षतिग्रस्त होकर भरभरा कर नीचे गिर पड़े. इस घटना के चलते पूरे इलाके की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई, जिससे भीषण गर्मी के बीच स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. आग लगने की भयंकर सूचना मिलते ही आसपास के सैकड़ों लोग मौके पर जमा हो गए और काफी देर तक पूरे बाजार में दहशत का माहौल बना रहा.
घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग (Fire Brigade) की टीम तुरंत फायर टेंडर्स के साथ मौके पर पहुंची और भारी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया, लेकिन तब तक चारों ट्रांसफार्मर पूरी तरह जलकर मलबे में तब्दील हो चुके थे. हादसे की सूचना मिलने पर बिजली विभाग के लाइनमैन और अन्य कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया.
लोगों के कूड़े फेंकने के कारण लगी आग: जेई रवि सैनी
बिजली विभाग के उच्चाधिकारियों के अनुसार आग लगने के असल कारणों की बारीकी से जांच की जा रही है, हालांकि प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी की आशंका भी जताई जा रही थी. इस हादसे में विभाग को लाखों रुपये के राजस्व के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है. विभाग ने घटनास्थल पर जल्द से जल्द नए ट्रांसफार्मर स्थापित कर बिजली आपूर्ति सुचारू रूप से बहाल करने का भरोसा दिलाया है.
वहीं, इस पूरे मामले पर बिजली विभाग के जेई रवि सैनी ने विभागीय लापरवाही के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए बताया कि, "स्थानीय लोगों ने ट्रांसफार्मरों के पास भारी मात्रा में कूड़ा डाल रखा था, उस कूड़े के ढेर में सुलगने के कारण ही यह आग लगी है. इसमें बिजली विभाग की अपनी कोई कमी या लापरवाही नहीं है."