फरीदपुर टोल प्लाजा पर टैंकर में दो की संदिग्ध मौत

फरीदपुर टोल प्लाजा पर खड़े मेथेनॉल से लदे टैंकर के केबिन में ड्राइवर और कंडक्टर अचेत मिले, अस्पताल में दोनों को मृत घोषित किया गया।

फरीदपुर टोल प्लाजा पर टैंकर में दो की संदिग्ध मौत
HIGHLIGHTS:

➡️ टोल प्लाजा पर खड़ा टैंकर
➡️ केबिन में मिले अचेत
➡️ अस्पताल में मौत
➡️ मेथेनॉल सेवन की आशंका
➡️ पोस्टमार्टम जारी

हसीन दानिश/ जन माध्यम
बरेली।
फरीदपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाईवे पर स्थित फरीदपुर टोल प्लाजा के पास देर रात एक सनसनीखेज घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। मेथेनॉल से लदे एक टैंकर के केबिन में ड्राइवर और कंडक्टर अचेत अवस्था में मिले, जिन्हें अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार टैंकर असम से उत्तराखंड के रुद्रपुर की ओर जा रहा था। टोल प्लाजा कर्मचारियों ने देखा कि टैंकर काफी देर से एक ही स्थान पर खड़ा है। संदेह होने पर इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची फरीदपुर पुलिस ने जब केबिन खोला तो ड्राइवर और कंडक्टर बेहोशी की हालत में पड़े मिले। दोनों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में केबिन के अंदर खाने-पीने के सामान के पास कुछ बोतलें बरामद हुई हैं। आशंका जताई जा रही है कि दोनों ने गलती से या किसी अन्य कारणवश टैंकर में भरे जहरीले मेथेनॉल का सेवन कर लिया, जिससे उनकी मौत हो गई। हालांकि, मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

मृतकों की पहचान दिल्ली निवासी पुष्पेंद्र (ड्राइवर) और सुरेंद्र (कंडक्टर) के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही एसओजी टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने टैंकर को कब्जे में लेकर केबिन, आसपास के क्षेत्र और उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच शुरू कर दी है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।

फरीदपुर थाना पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। यह दुर्घटना है, लापरवाही का मामला है या फिर कोई अन्य कारण इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही की जा सकेगी।