जिला अस्पताल पहुंचे डीएम, व्यवस्थाएं परखी

मेरठ के जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह ने प्यारे लाल शर्मा जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, दवा उपलब्धता, साफ-सफाई और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं का जायजा लिया।

जिला अस्पताल पहुंचे डीएम, व्यवस्थाएं परखी
जिला अस्पताल पहुंचे डीएम, व्यवस्थाएं परखी
HIGHLIGHTS:

• जिलाधिकारी ने जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया।

• दवाओं की उपलब्धता, स्टॉक रजिस्टर और मरीजों को मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता पर दिए निर्देश।

• अस्पताल में साफ-सफाई और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने पर जोर।

जन माध्यम
मेरठ।
जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह ने शनिवार को प्यारे लाल शर्मा जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओपीडी, इमरजेंसी वार्ड, जनरल वार्ड, फार्मेसी, किचन और दवा वितरण काउंटर का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल में उपलब्ध दवाओं की स्थिति की समीक्षा की और निर्देश दिया कि स्टॉक में ऐसी दवाएं उपलब्ध रहें जिनकी एक्सपायरी अवधि कम से कम छह माह से अधिक हो। उन्होंने चिकित्सकों को अनावश्यक रूप से बाहर की दवाएं न लिखने तथा अस्पताल में उपलब्ध विकल्पों के माध्यम से ही मरीजों को दवा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने मरीजों को निर्धारित मेन्यू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान दवा स्टॉक रजिस्टर और किचन स्टॉक रजिस्टर का समुचित रखरखाव नहीं मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को अभिलेख नियमित रूप से अद्यतन रखने के निर्देश दिए। साथ ही अस्पताल परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

डॉ. वी.के. सिंह ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक मरीज को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रसाद, नगर मजिस्ट्रेट नवीन कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी और चिकित्सक उपस्थित रहे।