मिशन शक्ति के तहत छात्राओं को सुरक्षा और स्वावलंबन का संदेश
बरेली के देवरनियां स्थित रजा इंटर कॉलेज में मिशन शक्ति के तहत छात्राओं को सुरक्षा, अधिकारों, आत्मरक्षा और साइबर अपराध से बचाव की जानकारी दी गई।
रजा इंटर कॉलेज में मिशन शक्ति अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
छात्राओं को महिला हेल्पलाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और आपातकालीन सेवा 112 की जानकारी दी गई।
पुलिस ने आत्मरक्षा और साइबर ठगी से बचाव के उपाय बताए।
जन माध्यम
देवरनियां, बरेली। रजा इंटर कॉलेज देवरनियां में उत्तर प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी मिशन शक्ति अभियान के तहत विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य छात्राओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा और स्वावलंबन के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में कॉलेज के प्रधानाचार्य जुहैब खान, शिक्षक विपिन कुमार, अशहर मलिक, गजेन्द्र सिंह, नीरज सक्सेना सहित समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। सभी ने मिशन शक्ति अभियान के महत्व को समझा और इसमें सक्रिय भागीदारी निभाई।
पुलिस टीम ने दी सुरक्षा संबंधी जानकारी
कोतवाली देवरनियां पुलिस की ओर से एसआई पुष्पेंद्र शर्मा, कांस्टेबल शमशुल हसन, महिला एसआई छाया सागर तथा कांस्टेबल काजल, प्रीति और निशा ने छात्राओं को विस्तार से जानकारी दी। पुलिस टीम ने बताया कि किसी भी तरह की छेड़छाड़, उत्पीड़न या साइबर अपराध होने पर घबराने के बजाय तुरंत पुलिस की मदद लेनी चाहिए।
महिला एसआई छाया सागर ने छात्राओं को वूमेन पावर लाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, पुलिस आपातकालीन सेवा 112 और साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि बेटियों की सुरक्षा के लिए जारी हेल्पलाइन नंबरों के माध्यम से जरूरत पड़ने पर सहायता प्राप्त की जा सकती है।
आत्मरक्षा और साइबर ठगी से बचने के बताए उपाय
एसआई पुष्पेंद्र शर्मा ने छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाने के साथ साइबर ठगी से बचने के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति का मुख्य उद्देश्य नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलंबन है। छात्राओं को जागरूक रहकर अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और किसी भी परेशानी की स्थिति में उचित मदद लेने की सलाह दी गई।
आत्मविश्वास बढ़ाने पर दिया जोर
प्रधानाचार्य जुहैब खान ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ता है और वे समाज में निडर होकर अपनी भूमिका निभा पाती हैं। कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने मिशन शक्ति को सफल बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर आला हजरत डिग्री कॉलेज देवरनियां के डायरेक्टर सुनैन खां उर्फ सेठी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।