निर्माणाधीन मकान का लिंटर झूला गिरा, मलबे में दबकर तीन लोग गंभीर घायल
बरेली के देवरनियां क्षेत्र के करनपुर गांव में निर्माणाधीन मकान का लिंटर झूला गिरने से तीन लोग मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने रेस्क्यू कर घायलों को इलाज के लिए बरेली भेजा।
निर्माणाधीन मकान का लिंटर झूला गिरने से तीन लोग गंभीर रूप से घायल।
सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मलबे से घायलों को बाहर निकाला।
सभी घायलों को प्राथमिक राहत के बाद बेहतर उपचार के लिए बरेली भेजा गया।
जन माध्यम
देवरनियां (बरेली)। कोतवाली देवरनियां क्षेत्र के करनपुर गांव में गुरुवार दोपहर निर्माणाधीन मकान का लिंटर झूला अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में तीन लोग मलबे के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, करनपुर निवासी नरेंद्र कुमार उर्फ नानक चंद्र (36) अपने मकान का निर्माण करा रहे थे। लिंटर डालने की तैयारी के दौरान झूला बांधा जा रहा था। इसी दौरान अचानक झूला गिर गया, जिससे नरेंद्र कुमार, उनके भाई सोमपाल पाल (30) तथा नेमचंद्र (40) मलबे के नीचे दब गए।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी आशुतोष द्विवेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य चलाकर तीनों घायलों को मलबे से बाहर निकाला गया।
पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए बरेली भेज दिया। घटना के बाद गांव में लोगों की भारी भीड़ जुट गई। फिलहाल घायलों का उपचार जारी है।