डीएम की कड़ी समीक्षा,वसूली तेज़ करें

बरेली डीएम अविनाश सिंह ने सीएम डैशबोर्ड बैठक में विभागों को लगाई फटकार, राजस्व-बिजली बिल वसूली में तेजी के सख्त आदेश।

डीएम की कड़ी समीक्षा,वसूली तेज़ करें
HIGHLIGHTS:

➡️ डीएम की कड़ी समीक्षा बैठक
➡️ राजस्व वसूली में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
➡️ बिजली बिल के लिए विशेष कैंप लगाएं
➡️ बेहतर बीएलओ को तहसील स्तर पर सम्मान
➡️ स्वामित्व योजना व धारा-34 में तेजी लाएं
➡️ सेमीखेड़ा चीनी मिल पर नाराजगी

सीएम डैशबोर्ड बैठक में विभागों को निर्देश, कार्यों में तेजी का जोर

जन माध्यम 
बरेली।
रविवार को  अविनाश सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में कर-करेत्तर एवं सीएम डैशबोर्ड की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई, जिसमें विभागवार प्रगति और जनसेवा से जुड़े कार्यों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। डीएम ने राजस्व वसूली लक्ष्य में पीछे चल रहे विभागों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि निर्धारित लक्ष्य हर हाल में समय पर पूरा किया जाए। उन्होंने विद्युत विभाग को उपभोक्ताओं से बिल जमा कराने के लिए विशेष कैंप आयोजित करने और इनका व्यापक प्रचार-प्रसार कराने को कहा, ताकि अधिकतम उपभोक्ताओं को सुविधा मिले। बैठक के दौरान सेमीखेड़ा चीनी मिल की धीमी कार्यप्रणाली पर डीएम ने असंतोष जताया और जिला गन्ना अधिकारी को निरीक्षण कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों को स्वामित्व योजना में गति लाने पर भी जोर दिया। डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि आय और जाति प्रमाणपत्र पूर्ण सत्यापन के बाद ही जारी किए जाएँ। उन्होंने कहा कि धारा 34 के लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण अनिवार्य है, क्योंकि इनकी सीएम स्तर से लगातार निगरानी होती है। एसआईआर  कार्यों पर प्रगति की समीक्षा करते हुए डीएम ने सभी खंड विकास अधिकारियों को अपनी टीम के साथ उत्कृष्ट काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो बीएलओ एसआईआर  में उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं, उन्हें तहसील स्तर पर सम्मानित किया जाए, ताकि बेहतर कार्य को बढ़ावा मिल सके। बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन पूर्णिमा सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व संतोष सिंह, एडीएम न्यायिक देश दीपक सिंह, उपायुक्त उद्योग विकास यादव, डिप्टी आरएमओ कमलेश कुमार पाण्डेय सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।