टक्कर की पुलिया के चौड़ीकरण की मांग तेज, जलभराव से राहत दिलाने की उठी आवाज

बरेली में मानसून के दौरान जलभराव की समस्या को देखते हुए जनसेवा टीम के अध्यक्ष पम्मी खां वारसी ने टक्कर की पुलिया का चौड़ीकरण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे कई मोहल्लों की जल निकासी व्यवस्था में सुधार होगा।

टक्कर की पुलिया के चौड़ीकरण की मांग तेज, जलभराव से राहत दिलाने की उठी आवाज
HIGHLIGHTS:

मानसून के दौरान कई इलाकों में जलभराव से लोगों की परेशानी बढ़ी।

टक्कर की पुलिया संकरी होने के कारण जल निकासी बाधित होने का दावा।

पम्मी खां वारसी ने नगर निगम से पुलिया का शीघ्र चौड़ीकरण कराने की मांग की।

जन माध्यम
बरेली।
मानसून की बारिश शुरू होते ही शहर के कई क्षेत्रों में जलभराव की समस्या एक बार फिर गंभीर होती दिखाई दे रही है। दरगाह आला हजरत मोड़, सौदागरान, बमनपुरी, मलूकपुर और जसौली सहित आसपास के इलाकों में सड़कों और गलियों में पानी भरने से लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है तथा दैनिक जीवन भी अस्त-व्यस्त हो गया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इन क्षेत्रों के वर्षा जल की निकासी का प्रमुख माध्यम टक्कर की पुलिया है। उनका दावा है कि पुलिया संकरी होने के कारण बारिश का पानी तेजी से नहीं निकल पाता, जिससे जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। हर वर्ष बरसात के मौसम में हजारों लोगों को इस समस्या का सामना करना पड़ता है।

जनसेवा टीम के अध्यक्ष एवं समाजसेवी पम्मी खां वारसी ने नगर निगम प्रशासन से टक्कर की पुलिया का शीघ्र चौड़ीकरण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि पुलिया का विस्तार होने से जल निकासी व्यवस्था बेहतर होगी और दरगाह आला हजरत मोड़ सहित आसपास के कई मोहल्लों को जलभराव की समस्या से स्थायी राहत मिल सकेगी।

उन्होंने नगर निगम से जनहित को देखते हुए इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर कराने की अपील की है, ताकि बरसात के दौरान लोगों को बार-बार होने वाली परेशानियों से निजात मिल सके।