ट्रांसफार्मर खराब, ग्रामीणों का प्रदर्शन

शाही क्षेत्र के ग्राम दौली जवाहर लाल में 25 केवीए ट्रांसफार्मर ओवरलोड होने से 10 दिनों से बिजली आपूर्ति ठप है। ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर 63 केवीए ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की।

ट्रांसफार्मर खराब, ग्रामीणों का प्रदर्शन
HIGHLIGHTS:

25 केवीए ट्रांसफार्मर पर अधिक भार होने का ग्रामीणों ने लगाया आरोप।

10 दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित, जनजीवन प्रभावित।

विभाग ने अधिक क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाने का प्रस्ताव भेजने की बात कही।

जन माध्यम
शाही/बरेली। 
शाही क्षेत्र के ग्राम दौली जवाहर लाल में बिजली संकट को लेकर मंगलवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। करीब 100 बिजली कनेक्शनों का भार 25 केवीए क्षमता वाले ट्रांसफार्मर पर होने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने ट्रांसफार्मर स्थल पर प्रदर्शन किया और बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। उनका कहना है कि ओवरलोड के कारण 22 जून से ट्रांसफार्मर खराब पड़ा है, जिससे गांव में पिछले 10 दिनों से बिजली आपूर्ति ठप है।

ग्रामीणों का कहना है कि गांव की आबादी और बिजली की आवश्यकता को देखते हुए यहां 63 केवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाया जाना चाहिए था। कम क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाए जाने के कारण वह बार-बार खराब हो रहा है और इसका खामियाजा उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है।

बिजली आपूर्ति बाधित होने से पेयजल व्यवस्था, बच्चों की पढ़ाई, घरेलू कार्य और भीषण गर्मी के बीच दैनिक जीवन प्रभावित हो गया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया।

ग्रामीणों ने उपखंड अधिकारी मीरगंज को ज्ञापन सौंपकर गांव में 63 केवीए ट्रांसफार्मर लगाए जाने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

प्रदर्शन करने वालों में मुस्सीम खां, कासिम अली, नसीम, इदरीश, जहीर, आरिफ, शाहिद, अतरू खां, रईस, मुस्तकीम, आले नूर अली, नन्हें खां सहित कई ग्रामीण शामिल रहे।

इस संबंध में अवर अभियंता साबिर खान ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। वर्तमान 25 केवीए ट्रांसफार्मर के स्थान पर अधिक क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाए जाने का प्रस्ताव भेज दिया गया है। स्वीकृति मिलते ही नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर बिजली आपूर्ति सुचारु करा दी जाएगी।