सीएम ग्रिड की जद में दुकानें
बरेली में सीएम ग्रिड योजना के तहत कोहाड़ापीर से धर्मकांटा चौराहे तक सड़क चौड़ीकरण की तैयारी तेज है। नगर निगम ने अतिक्रमण चिन्हित कर दुकानों पर लाल निशान लगाए हैं।
➡️ सीएम ग्रिड योजना के तहत सड़क चौड़ीकरण
➡️ कोहाड़ापीर से धर्मकांटा चौराहे तक प्रस्ताव
➡️ 50 से अधिक दुकानें कार्रवाई की जद में
➡️ दुकानों व पेट्रोल पंप पर लगाए गए लाल निशान
जन माध्यम
बरेली। मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट सीएम ग्रिड योजना के तहत शहर में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की कवायद तेज हो गई है। इसी क्रम में कोहाड़ापीर से धर्मकांटा चौराहे तक लगभग एक किलोमीटर लंबे मार्ग का चौड़ीकरण प्रस्तावित है। सड़क चौड़ीकरण में बाधा बन रहे अतिक्रमण और निर्माणों को नगर निगम की टीम ने चिन्हित कर लिया है और मौके पर लाल निशान लगाना शुरू कर दिया गया है। नगर निगम की पैमाइश के बाद सड़क के दोनों ओर स्थित कई दुकानें इस कार्रवाई की जद में आ गई हैं।
जानकारी के अनुसार इस मार्ग पर 50 से अधिक दुकानें हैं, जिनमें टायर, हार्डवेयर और सैनिटरी स्टोर प्रमुख रूप से शामिल हैं। इसके अलावा कोहाड़ापीर स्थित पेट्रोल पंप भी सड़क चौड़ीकरण की सीमा में आ रहा है। लाल निशान लगते ही इलाके के व्यापारियों में चिंता और असमंजस की स्थिति बन गई है। बताया गया है कि सीएम ग्रिड योजना के अंतर्गत डीडीपुरम और एकता नगर क्षेत्रों में पहले ही सीवर लाइन बिछाने के साथ सड़क चौड़ीकरण और दोनों ओर फुटपाथ निर्माण का कार्य चल रहा है। उसी तर्ज पर कोहाड़ापीर से धर्मकांटा चौराहे तक सड़क को चौड़ा किया जाना है, ताकि यातायात सुगम हो सके। हालांकि व्यापारियों का आरोप है कि पैमाइश के दौरान कहीं 1.5 मीटर तो कहीं 2.5 मीटर तक अतिक्रमण दर्शाकर लाल निशान लगाए गए हैं, जो सही नहीं हैं। इसी मुद्दे को लेकर बुधवार को व्यापारियों ने बैठक कर आपत्ति जताई और कार्रवाई पर पुनर्विचार की मांग की। व्यापारियों का कहना है कि यदि दुकानों पर बुलडोजर चला तो उनका कारोबार बुरी तरह प्रभावित होगा।
इस संबंध में नगर आयुक्त संजीव मौर्य ने कहा कि मानकों के अनुसार ही लाल निशान लगाए गए हैं। निगम के अधिकारी व्यापारियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं का समाधान निकालेंगे।