होर्डिंग वार से गरमाई कैंट की सियासत: संजीव सक्सेना ने विधायक से मांगा जनता के सवालों का जवाब
बरेली कैंट विधानसभा में सपा नेता संजीव सक्सेना ने वर्तमान बीजेपी विधायक संजीव अग्रवाल के खिलाफ होर्डिंग वार छेड़ दिया है। उन्होंने सुभाष नगर पुलिया और श्मशान घाट पुल के अधूरे निर्माण को लेकर तीखे सवाल पूछे हैं।
सपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य संजीव सक्सेना ने कैंट की बदहाली को लेकर वर्तमान भाजपा विधायक संजीव अग्रवाल के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए शुरू किया 'होर्डिंग वार'।
वर्षों से लंबित सुभाष नगर पुलिया और श्मशान घाट पुल के अधूरे निर्माण को लेकर विधायक की कार्यशैली पर उठाए गंभीर सवाल।
सपा नेता का एलान- जनता को जागरूक करने के लिए कैंट विधानसभा में ब्लॉक और वार्ड स्तर पर चलाया जाएगा 'पोल-खोल' आंदोलन।
हसीन दानिश/जन माध्यम
बरेली। उत्तर प्रदेश की हाईप्रोफाइल बरेली कैंट विधानसभा सीट पर चुनावी तपिश वक्त से पहले ही चरम पर पहुंच गई है। समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य और कैंट विधानसभा से आगामी चुनाव के प्रबल दावेदार संजीव कुमार सक्सेना ने क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं को लेकर वर्तमान भारतीय जनता पार्टी विधायक संजीव अग्रवाल के खिलाफ एक अनोखा और आक्रामक 'होर्डिंग वार' छेड़ दिया है। मंगलवार, 9 जून को कैंट क्षेत्र के प्रमुख चौराहों और व्यस्ततम मार्गों पर सपा नेता द्वारा लगवाए गए ये सवालिया होर्डिंग इस समय पूरे शहर में चर्चा और सियासी सरगर्मी का केंद्र बने हुए हैं।
लगाए गए होर्डिंगों के माध्यम से संजीव कुमार सक्सेना ने सीधे तौर पर कैंट की जनता की तरफ से क्षेत्रीय विधायक संजीव अग्रवाल के सामने सवालों की झड़ी लगा दी है। उन्होंने होर्डिंग में तल्ख लहजे में पूछा है कि “जब विकास के लिए हर साल करोड़ों का सरकारी धन आता है, तो फिर क्षेत्र की जनता आज भी मूलभूत सुविधाओं के लिए बेहाल क्यों है?” सपा नेता ने आरोप लगाया कि कैंट विधानसभा के शहरी और ग्रामीण इलाकों में जनसमस्याओं का अंबार लगा हुआ है, लेकिन धरातल पर उनके स्थाई समाधान की दिशा में कोई ठोस या ईमानदार प्रयास दिखाई नहीं दे रहा है।
संजीव सक्सेना ने कैंट क्षेत्र की दो सबसे दुखती रगों- 'सुभाष नगर पुलिया' और 'श्मशान घाट पुल' का विशेष रूप से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कई वर्ष बीत जाने के बाद भी इन दोनों महत्वपूर्ण और जीवनदायिनी परियोजनाओं का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका है। रोज हजारों लोग यहां जाम और जलभराव की समस्या से जूझते हैं, लेकिन जनप्रतिनिधि इस भयानक उपेक्षा से पूरी तरह अनजान बने बैठे हैं। होर्डिंग के जरिए उन्होंने सीधे सवाल दागा- “विधायक जी, काम नहीं सिर्फ वादे हैं आपके, आखिर क्या इरादे हैं आपके?”
सपा नेता ने कहा कि यह होर्डिंग वार तो महज एक शुरुआत है। कैंट की सोई हुई प्रशासनिक व्यवस्था और विधायक की निष्क्रियता को उजागर करने के लिए बहुत जल्द पूरे क्षेत्र में सघन 'जन-जागरण अभियान' और 'पोल-खोल आंदोलन' चलाया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि कैंट की जनता अब खोखले वादों से ऊब चुकी है और इस बार एक बड़ा राजनीतिक बदलाव चाहती है। जनता को अब ऐसा विधायक चाहिए जो वातानुकूलित कमरों से बाहर निकलकर उनके बीच रहे और उनकी छोटी-बड़ी समस्याओं के लिए सड़कों पर संघर्ष करे। संजीव सक्सेना ने संकल्प दोहराते हुए कहा कि वे कैंट की जनता की मजबूत आवाज बनकर हर मंच पर जनहित के इन तीखे सवालों को उठाते रहेंगे।