मुलायम सिंह यादव की स्मृति में बरेली में सपा निकालेगी PDA पदयात्रा
समाजवादी पार्टी 22 नवंबर से बरेली की विधानसभा सीटों पर पीडीए जनचेतना पदयात्रा निकालेगी। शहर और कैंट में 23 नवंबर से छह दिसंबर तक कार्यक्रम चलेगा।
22 नवंबर को फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र से शुरू होगी जिला इकाई की पदयात्रा।
दिसंबर में भी जिले की अलग-अलग विधानसभा सीटों पर जारी रहेगा अभियान।
शहर और कैंट में 23 नवंबर से छह दिसंबर तक निकाली जाएंगी पदयात्राएं।
जन माध्यम
बरेली। समाजवादी पार्टी अपने संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की स्मृति में जिले में जनसंपर्क का बड़ा अभियान शुरू करने जा रही है। 22 नवंबर से बरेली की विधानसभा सीटों पर पीडीए जनचेतना पदयात्राओं का सिलसिला शुरू होगा। पार्टी कार्यकर्ता गांवों, कस्बों और शहर की गलियों तक पहुंचकर लोगों से संवाद करेंगे। जिला इकाई के साथ महानगर संगठन ने भी इस अभियान की अलग रूपरेखा तैयार की है। पार्टी का कहना है कि पदयात्राओं के जरिए मुलायम सिंह यादव की यादों और समाजवादी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
सपा जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव ने पार्टी कार्यालय पर कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि जिला इकाई की पहली पदयात्रा 22 नवंबर को फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र में निकाली जाएगी। इसकी जिम्मेदारी विधानसभा अध्यक्ष बलराम सिंह यादव को सौंपी गई है। इसके बाद 24 नवंबर को भोजीपुरा, 25 नवंबर को बिथरी चैनपुर, 27 नवंबर को मीरगंज और 30 नवंबर को नवाबगंज में कार्यकर्ता पदयात्रा निकालेंगे।
दिसंबर में भी अभियान की रफ्तार बनी रहेगी। एक दिसंबर को बहेड़ी, तीन दिसंबर को आंवला, पांच दिसंबर को बिथरी चैनपुर, सात दिसंबर को नवाबगंज, नौ दिसंबर को बहेड़ी और 12 दिसंबर को मीरगंज में पदयात्रा प्रस्तावित है। इसके बाद 14 दिसंबर को बिथरी चैनपुर, 16 दिसंबर को फरीदपुर, 17 दिसंबर को आंवला, 19 दिसंबर को भोजीपुरा, 21 दिसंबर को बिथरी चैनपुर और 22 दिसंबर को फरीदपुर में कार्यकर्ता सड़कों पर उतरेंगे।
महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी ने बताया कि शहर और कैंट विधानसभा क्षेत्रों में 23 नवंबर से छह दिसंबर तक पदयात्राएं निकाली जाएंगी। इसकी शुरुआत 23 नवंबर को सपा कार्यालय से कुतुबखाना घंटाघर तक होगी। 24 नवंबर को तिलक इंटर कॉलेज से कुतुबखाना और बांसमंडी होते हुए श्यामगंज चौराहे पर महेंद्र सिंह के प्रतिष्ठान तक यात्रा पहुंचेगी।
25 नवंबर को मढ़ीनाथ पुलिया से सिठौरा और 26 नवंबर को सुभाषनगर पुलिया से बाजपेई स्वीट्स होते हुए 84 घंटा मंदिर बदायूं रोड तक पदयात्रा निकाली जाएगी। 28 नवंबर को शाहमतगंज से सैलानी और जगतपुर होते हुए बीसलपुर चौराहे तक कार्यकर्ता पहुंचेंगे। 29 नवंबर को संजयनगर पेट्रोल पंप से पीलीभीत बाईपास तक पदयात्रा होगी। 30 नवंबर को चौपुला चौराहे से कुतुबखाना होते हुए कोहाड़ापीर चौराहे तक यात्रा निकलेगी।
एक दिसंबर को ईसाइयों की पुलिया से कटरा चांद खां और नवादा शेखान होते हुए तिरंगा होटल पीलीभीत बाईपास तक, दो दिसंबर को जवाहर पैलेस से बिहारीपुर ढाल और तीन दिसंबर को स्टेट बैंक कॉलोनी से बानखाना होते हुए कोहाड़ापीर पेट्रोल पंप तक पदयात्रा प्रस्तावित है।
पांच दिसंबर को युगवीणा लाइब्रेरी सदर कैंट से धोपा मंदिर और छह दिसंबर को सीबीगंज बाजार से स्लीपर रोड लेबर कॉलोनी तक पदयात्रा निकाली जाएगी। महानगर क्षेत्र की सभी यात्राएं दोपहर दो बजे शुरू होंगी। पार्टी ने इस अभियान के जरिए संगठन को सक्रिय करने और लोगों के बीच अपनी राजनीतिक मौजूदगी मजबूत करने की तैयारी की है।