सोने की नहीं, भरोसे की ठगी का खुलासा

ज्वेलर्स को बीस लाख की चपत लगाने वाले गिरोह पर पुलिस का शिकंजा।

सोने की नहीं, भरोसे की ठगी का खुलासा
HIGHLIGHTS:

ज्वेलर्स से 20 लाख रुपये की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार।

आरोपियों से असली-नकली सोने की मोहरें, आभूषण, फर्जी आधार कार्ड और नकदी बरामद।

ठगी की रकम से जुड़े बैंक खाते को फ्रीज कराने की कार्रवाई शुरू।

जन माध्यम 
बरेली।
कहते हैं कि जब यक़ीन टूटता है तो सिर्फ़ दौलत नहीं, इंसान का भरोसा भी बिखर जाता है। नकली सोने की मोहरों के सहारे एक ज्वेलर्स के विश्वास को छलने वाले शातिर गिरोह की कहानी भी कुछ ऐसी ही थी। मगर इस बार फरेब की उम्र ज्यादा लंबी नहीं चली। एसएसपी अनुराग आर्य के नेतृत्व में संगठित अपराध के विरुद्ध चल रहे अभियान ने उन हाथों तक कानून की पकड़ पहुँचा दी, जो भरोसे को ही अपना सबसे बड़ा हथियार बना चुके थे। थाना प्रभारी किला और उनकी टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से राजस्थान से जुड़े इस अंतरराज्यीय गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। यह गिरोह पहले असली सोने की मोहरें देकर ज्वेलर्स का ऐतबार जीतता था और फिर नकली मोहरों के सहारे लाखों रुपये और कीमती जेवरात लेकर रफूचक्कर हो जाता था। लेकिन इस बार सच की दस्तक ने झूठ की हर दीवार गिरा दी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से असली और नकली सोने की मोहरें, आभूषण, फर्जी आधार कार्ड, मोबाइल फोन, नकदी और लेन देन से जुड़ी महत्वपूर्ण डायरी बरामद की है। ठगी की रकम से जुड़े करीब 20 लाख रुपये वाले बैंक खाते को भी चिन्हित कर उसे फ्रीज कराने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
एसपी सिटी मानुष पारीक ने पूरे घटनाक्रम का खुलासा करते हुए बताया कि गिरोह बेहद सुनियोजित तरीके से अलग अलग शहरों में किराये पर ठिकाना बनाकर वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुँचने में जुटी है। यह सफलता केवल एक मुकदमे का खुलासा नहीं, बल्कि उन तमाम व्यापारियों के लिए उम्मीद, इत्मीनान और इंसाफ़ का पैग़ाम है, जो अपनी मेहनत की कमाई को ईमानदारी से संजोते हैं। एसएसपी अनुराग आर्य की अगुवाई में पुलिस ने एक बार फिर यह साबित किया है कि फरेब चाहे कितना भी शातिर क्यों न हो, कानून की निगाह उससे कहीं ज्यादा तेज़ होती है।
किला पुलिस ने नकली सोने की मोहरों से ज्वेलर्स को ठगने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से असली नकली मोहरें, आभूषण, फर्जी दस्तावेज और अन्य साक्ष्य बरामद हुए हैं। ठगी से जुड़े बैंक खाते को फ्रीज कराने की करवाई  की जा रही है। - एसपी सिटी मानुष पारीक