पहली पत्नी पहुंची तो थम गई डॉक्टर की दूसरी शादी की तैयारी
नवाबगंज में दूसरी शादी की कथित तैयारी के बीच पहली पत्नी के पहुंचने पर हंगामा हो गया। पत्नी ने आरोप लगाया कि लड़की के परिवार को उसकी मौत की जानकारी दी गई थी।
नवाबगंज में कथित दूसरी शादी की तैयारियों के बीच पहली पत्नी पहुंची।
पत्नी ने आरोप लगाया कि लड़की के परिवार को उसकी मौत की जानकारी दी गई थी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शादी की तैयारियां रुकवाईं, युवती को थाने ले जाया गया।
जन माध्यम
बरेली/नवाबगंज। नवाबगंज में एक सरकारी अस्पताल के एमओआईसी डॉक्टर की कथित दूसरी शादी की तैयारियों के बीच उस समय हंगामा हो गया, जब उनकी पहली पत्नी मौके पर पहुंच गईं। शादी के लिए मेहमान पहुंच चुके थे और तैयारियां पूरी थीं, लेकिन विवाद बढ़ने के बाद डॉक्टर बारात लेकर मौके पर नहीं पहुंचे।
मामला बारादरी थाना क्षेत्र के सूफी टोला निवासी निजी चिकित्सक डॉ. बुशरा फरहत अंसारी से जुड़ा है। डॉ. बुशरा का आरोप है कि उनके पति बदायूं जिले के एक सरकारी अस्पताल में एमओआईसी के पद पर तैनात हैं और नवाबगंज की एक युवती से दूसरी शादी करने की तैयारी कर रहे थे।
डॉ. बुशरा के मुताबिक, पति के दूसरी युवती से संबंधों को लेकर पहले भी विवाद होता रहा था। उन्हें जब दूसरी शादी की जानकारी मिली तो वह नवाबगंज पहुंचीं। वहां शादी की तैयारियां और मेहमान देखकर उन्होंने खुद को डॉक्टर की पत्नी बताते हुए शादी का विरोध किया।
उनका आरोप है कि युवती के परिवार को यह बताया गया था कि डॉक्टर की पहली पत्नी की मौत हो चुकी है। पहली पत्नी के स्वयं शादी वाले घर पहुंचने के बाद मामला खुल गया। हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शादी की तैयारियां रुकवा दीं।
पुलिस युवती को थाने ले गई। बाद में परिजनों के समझाने पर युवती ने कहा कि जब तक डॉक्टर और उनकी पहली पत्नी का तलाक नहीं हो जाता, तब तक वह डॉक्टर से दूरी बनाए रखेगी।
थाना प्रभारी अरुण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि शादी की तैयारियां रुकवा दी गई हैं। युवती ने भी डॉक्टर से दूरी बनाए रखने की बात कही है।
मामले में पहली पत्नी के आरोपों के बाद अब यह सवाल भी उठ रहा है कि पहली शादी कायम रहते दूसरी शादी की तैयारी किस आधार पर की जा रही थी। साथ ही पहली पत्नी को मृत बताने के आरोप की भी स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।