आस्था से खिलवाड़ चिकन परोसने का वीडियो वायरल
कांवड़ मार्ग के रेस्टोरेंट में नॉनवेज परोसने के दावे से बवाल, एफएसडीए ने बारादरी पुलिस के साथ मारा छापा?
दरबार-ए-खास रेस्टोरेंट में चिकन परोसने का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।
एफएसडीए ने बारादरी पुलिस के साथ करीब दो घंटे रेस्टोरेंट की जांच की।
जांच के दौरान मौके पर नॉनवेज मिलने का कोई साक्ष्य नहीं मिला, सीसीटीवी से स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद।
जन माध्यम
बरेली। सावन की आस्था, कांवड़ियों की श्रद्धा और पवित्र माहौल के बीच पीलीभीत बाईपास स्थित दरबार-ए-खास रेस्टोरेंट का कथित चिकन परोसने वाला वीडियो सामने आने से शहर में हड़कंप मच गया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो ने सिर्फ रेस्टोरेंट की कार्यशैली पर सवाल नहीं खड़े किए, बल्कि कांवड़ मार्ग पर श्रद्धालुओं की भावनाओं के सम्मान को लेकर भी तीखी बहस छेड़ दी। वीडियो में एक ग्राहक प्लेट में परोसे गए खाने को चिकन बताते हुए दिखाई दे रहा है।
वीडियो वायरल होते ही खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन एफएसडीए हरकत में आया। बारादरी पुलिस के साथ टीम दरबार-ए-खास पहुंची और करीब दो घंटे तक रेस्टोरेंट की रसोई, खाद्य सामग्री और अन्य हिस्सों की गहन पड़ताल की। हालांकि जांच के दौरान टीम को मौके पर नॉनवेज मिलने का कोई साक्ष्य नहीं मिला।
मामला इसलिए और संगीन हो गया क्योंकि रेस्टोरेंट के बाहर केवल शाकाहारी भोजन परोसे जाने का बोर्ड लगा होने की बात सामने आई है। ऐसे में वायरल वीडियो में चिकन परोसे जाने के दावे ने विरोधाभास पैदा कर दिया। सवाल यह है कि यदि वीडियो इसी रेस्टोरेंट का है तो शाकाहारी भोजन के दावे के बीच प्लेट तक नॉनवेज कैसे पहुंचा?
वायरल वीडियो 15 अगस्त की शाम करीब पांच बजे का बताया जा रहा है, लेकिन इसकी तारीख, समय की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। लिहाजा फिलहाल आरोप और जांच दोनों अपने अपने मुकाम पर हैं।
पूरे मामले की असल तस्वीर रेस्टोरेंट के सीसीटीवी फुटेज से साफ हो सकती है। एफएसडीए के सहायक आयुक्त राहुल सिंह के मुताबिक टीम ने करीब दो घंटे जांच की, लेकिन मौके पर नॉनवेज नहीं मिला। अब सवाल यह है कि वायरल वीडियो सच है, भ्रम है या किसी अन्य संदर्भ का इसका जवाब जांच से ही मिलेगा।
आस्था से जुड़े मौके पर नियमों और भावनाओं, दोनों का सम्मान जरूरी है। अगर आरोप सही पाए जाते हैं तो मामला महज खाद्य पदार्थ का नहीं, श्रद्धालुओं की भावनाओं और भरोसे से जुड़े सवाल का भी होगा।