कलेक्ट्रेट गेट पर अब फायर बिग्रेड का पहरा, आधुनिक बाइक भी तैनात

बुधवार की आत्मदाह की कोशिश के बाद बढ़ाई गई सुरक्षा, डीएम अविनाश सिंह के आदेश पर अग्निशमन टीम की तैनाती; इंटेलिजेंस की सतर्कता से पहले भी टलीं दो बड़ी घटनाएं

कलेक्ट्रेट गेट पर अब फायर बिग्रेड का पहरा, आधुनिक बाइक भी तैनात
HIGHLIGHTS:

आत्मदाह की कोशिश के बाद कलेक्ट्रेट गेट पर फायर बिग्रेड की तैनाती की गई।

आग से निपटने के लिए आधुनिक उपकरणों से लैस फायर बाइक भी लगाई गई।

कलेक्ट्रेट परिसर में दोबारा सघन चेकिंग और निगरानी शुरू की गई।

जन माध्यम
 बरेली।
कलेक्ट्रेट गेट पर बुधवार को महिला और उसकी पुत्री द्वारा आत्मदाह की कोशिश के बाद प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। अब कलेक्ट्रेट गेट पर फायर बिग्रेड की टीम तैनात कर दी गई है। इसके साथ ही आग जैसी आपात स्थिति से तत्काल निपटने के लिए आधुनिक उपकरणों से लैस फायर बाइक भी मौके पर लगाई गई है।बताया जा रहा है कि इंटेलिजेंस इंस्पेक्टर अमित कुमार और सब इंस्पेक्टर ओमपाल सिंह की सतर्कता और तत्परता से कलेक्ट्रेट परिसर में दो बार बड़ी घटनाएं होने से बच चुकी हैं। बुधवार को भी आत्मदाह की कोशिश के दौरान सब इंस्पेक्टर ओमपाल सिंह ने तत्काल कार्रवाई करते हुए महिला और उसकी पुत्री के हाथ से पेट्रोल की बोतल छीन ली थी।
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए डीएम अविनाश सिंह के आदेश पर फायर विभाग की टीम को कलेक्ट्रेट गेट पर तैनात किया गया है। आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित बाइक भी टीम के साथ मौजूद रहेगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में घटनास्थल पर तत्काल पहुंचकर आग पर काबू पाया जा सके।वहीं, कलेक्ट्रेट परिसर में एक बार फिर सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया गया है। आने-जाने वाले लोगों की निगरानी के साथ संदिग्ध वस्तुओं और सामान की जांच की जा रही है। प्रशासन का उद्देश्य स्पष्ट है कि फरियाद लेकर आने वाले लोगों की सुरक्षा के साथ-साथ किसी भी व्यक्ति को खतरनाक कदम उठाने से पहले ही रोका जा सके।बुधवार की घटना ने कलेक्ट्रेट की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए थे। अब इंटेलिजेंस की सतर्कता के साथ फायर विभाग की तैनाती को प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।