बरेली में सिलेंडर ब्लास्ट से घर में भीषण आग, मिनटों में जलकर राख हुआ सामान

बरेली के बहेड़ी क्षेत्र में सिलेंडर ब्लास्ट से घर में भीषण आग लग गई, फायर ब्रिगेड और ग्रामीणों ने मिलकर पाया काबू

बरेली में सिलेंडर ब्लास्ट से घर में भीषण आग, मिनटों में जलकर राख हुआ सामान
HIGHLIGHTS:

सिलेंडर फटने से घर में लगी भीषण आग

मिनटों में जलकर राख हुआ घरेलू सामान

ग्रामीणों और फायर ब्रिगेड ने मिलकर बुझाई आग

परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित

मुमताज अली। जन माध्यम

बहेड़ी।बरेली। एक पल पहले जहां चूल्हे पर खाना बन रहा था, अगले ही पल तेज धमाके के साथ सब कुछ आग की लपटों में घिर गया बहेड़ी के एक घर में हुआ यह हादसा किसी डरावने मंजर से कम नहीं था।

कोतवाली बहेड़ी क्षेत्र के ग्राम भोना में गुरुवार को गैस सिलेंडर ब्लास्ट होने से एक घर में भीषण आग लग गई। धमाका इतना तेज था कि देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया और आसपास अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार ग्राम भोना निवासी अशरफ पुत्र असलम के घर में परिवार के लोग गैस पर खाना बना रहे थे। इसी दौरान अचानक सिलेंडर फट गया और आग तेजी से फैल गई।

आग इतनी भीषण थी कि घर में रखा सारा घरेलू सामान जलकर राख हो गया। लपटों को देख आसपास के लोग घबरा गए, लेकिन हिम्मत जुटाकर बचाव में जुट गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

समय रहते आग बुझ जाने से एक बड़ा हादसा टल गया और परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बच गए।

इंस्पेक्टर दिनेश कुमार ने बताया कि आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य है।