17 साल बाद देवरनियां- मुंडिया जागीर रोड का निर्माण शुरू, नगर वासियों के खिले चेहरे
1. नगर पंचायत चेयरमैन की मेहनत रंग लाई, चेयरमैन और चेयरमैन प्रतिनिधि का जताया आभार
2. मानक का पूर्ण ध्यान रखा गया : चेयरमैन
देवरनियां, बरेली। नगर पंचायत देवरनियां में कस्बा देवरनियां और मुंडिया जागीर के बीच का मुख्य रोड एक अरसे से खस्ताहाल बना हुआ था। आम जनमानस की परेशानी का सबब बना रोड का निर्माण 17 साल बाद नगर पंचायत चेयरमैन की कोशिश के बाद धरातल पर उतरा है।
नगर पंचायत देवरनियां में देवरनियां और मुंडिया जागीर के बीच का रोड काफी समय से खस्ताहाल बना हुआ था। राहगीरों के लिए यह परेशानी का सबब भी बना हुआ था। कई मर्तबा रोड निर्माण के लिए आवाज उठाई गई, मगर कोई हल नहीं निकला। नगर पंचायत चुनाव के वक्त भी यह मुद्दा उठा था, उस वक्त नगर पंचायत चेयरमैन मोहम्मद कलीम अंसारी ने रोड निर्माण का वादा किया था। चुनाव जीतने के बाद चेयरमैन कलीम अंसारी रोड निर्माण के लिए कोशिश में लग गए। उन्होंने इसके लिए लखनऊ तक की दौड़ लगाई। उनकी कोशिश अब रंग लाई है। पंडित दीनदयाल योजना के तहत पहले फेर में देवरनियां टंकी से नहर की पुलिया तक सीसी रोड निर्माण शुरू हो गया है। स्थानीय लोगों और चेयरमैन मोहम्मद कलीम अंसारी के अनुसार यह रोड 17 साल पहले बना था, तब से अब निर्माण हो रहा है।
वहीं 17 साल बाद रोड निर्माण होता देख नगर वासियों ने चेयरमैन का आभार जताया है।
इधर रोड निर्माण में मानक का पालन न होने और भ्रष्टाचार का आरोप लगाने वालों को नगर पंचायत चेयरमैन मोहम्मद कलीम अंसारी ने जवाब दिया है, कि पहले वह अपने गिरेबान में झांक कर देखें, तब उन पर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि ऐसा निर्माण पूरी ईमानदारी से पहली बार हो रहा है। मानक का पूरा ध्यान दिया गया। चेयरमैन ने कहा, कि बाकी हिस्से का निर्माण भी जल्द शुरू हो जाएगा।
हमारा काम विरोधियों को पच नहीं रहा है, इसलिए गलत आरोप लगा रहे हैं। जनता सब जानती है। मानक का पूरा ध्यान रखा गया है।
मोहम्मद कलीम अंसारी, चेयरमैन देवरनियां।