उर्स-ए-आला हज़रत को लेकर विशेष ट्रेनें और सुरक्षा बढ़ाने की मांग

उर्स-ए-आला हज़रत एवं उर्स-ए-अमीन-ए-शरीअत के मद्देनज़र ऑल इंडिया रज़ा एक्शन कमेटी ने रेलवे प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर विशेष ट्रेनें, अतिरिक्त कोच और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की।

उर्स-ए-आला हज़रत को लेकर विशेष ट्रेनें और सुरक्षा बढ़ाने की मांग
HIGHLIGHTS:

• उर्स-ए-आला हज़रत को लेकर रेलवे प्रशासन को सौंपा गया ज्ञापन।

• विशेष ट्रेनें, अतिरिक्त कोच और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग।

• प्रमुख रेलवे स्टेशनों और दरगाह क्षेत्र में अतिरिक्त सुविधाएं उपलब्ध कराने का आग्रह।

जन माध्यम
बरेली।
आगामी 6, 7 और 8 अगस्त को आयोजित होने वाले उर्स-ए-आला हज़रत एवं उर्स-ए-अमीन-ए-शरीअत के मद्देनज़र ऑल इंडिया रज़ा एक्शन कमेटी (आरएसी) ने ज़ायरीन की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर मंडलीय रेल प्रबंधक (डीआरएम), उत्तर रेलवे, मुरादाबाद के नाम संबोधित ज्ञापन स्टेशन अधीक्षक, बरेली जंक्शन को सौंपा। ज्ञापन हाफिज़ इमरान रज़ा बरकाती के नेतृत्व में दिया गया।

ज्ञापन में कहा गया कि उत्तर प्रदेश के अलावा महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, राजस्थान, ओडिशा, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब सहित देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में ज़ायरीन बरेली पहुंचेंगे। इसे देखते हुए विभिन्न शहरों से विशेष ट्रेनें संचालित करने तथा नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए जाने की मांग की गई।

कमेटी ने हाल के दिनों में ट्रेनों में उलमा और अक़ीदतमंदों पर हुए कथित हमलों का उल्लेख करते हुए आरक्षित और सामान्य दोनों श्रेणी के डिब्बों में पर्याप्त सुरक्षा बलों की तैनाती की मांग की। साथ ही उर्स से एक सप्ताह पहले और एक सप्ताह बाद तक विशेष रेलवे सुरक्षा हेल्पलाइन संचालित करने तथा प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने का भी आग्रह किया।

ज्ञापन में बरेली जंक्शन, बरेली सिटी और इज्जतनगर रेलवे स्टेशन के अलावा इस्लामिया मैदान, मथुरापुर तथा दरगाह आला हज़रत एवं दरगाह अमीन-ए-शरीअत के निकट अस्थायी टिकट काउंटर स्थापित करने की मांग भी उठाई गई। इसके साथ ही पेयजल, शौचालय, प्राथमिक उपचार और पूछताछ केंद्रों पर अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया।

इस दौरान हाफिज़ इमरान रज़ा, मौलाना कमरुज्जमा, मौलाना सैय्यद तौकीर रज़ा, मौलाना आरिफ रज़ा सहित रज़ा एक्शन कमेटी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कमेटी ने उर्स के सफल आयोजन में रेलवे प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा भी जताया।