होली पर सुरक्षा का रंग, जिले में 2866 होलिका दहन स्थल, 78 संवेदनशील घोषित

होली पर सुरक्षा का रंग, जिले में 2866 होलिका दहन स्थल, 78 संवेदनशील घोषित
एसएसपी अनुराग आर्य

बरेली। होली का रंग हर गली-मोहल्ले में बिखरने को तैयार है। लेकिन त्योहार के उल्लास के बीच कानून-व्यवस्था बनाए रखना भी बड़ी चुनौती है। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन ने जिलेभर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। इस बार जिले में 2866 होलिका दहन स्थलों को चिह्नित किया गया है। जिनमें से 78 स्थलों को संवेदनशील घोषित किया गया है। इन संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा के लिहाज से अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। पुलिस ने पूरे जिले को 26 जोन और 86 सेक्टरों में बांटा है। ताकि हर क्षेत्र में शांति बनी रहे। साथ ही 106 क्यूआरटी (क्विक रिस्पॉन्स टीम) भी गठित की गई हैं। जो जिलेभर में गश्त करेंगी और किसी भी अप्रिय घटना पर तुरंत कार्रवाई करेंगी।एसएसपी अनुराग आर्य के अनुसार जिले को 26 जोन और 86 सेक्टरों में बांटकर सुरक्षा का ब्लूप्रिंट तैयार किया गया है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए 106 क्यूआरटी (त्वरित प्रतिक्रिया टीम) गठित की गई हैं, जो पूरे जिले पर पैनी नजर रखेंगी। होली के अवसर पर जिले में तीन बड़े मेले लगेंगे और 69 जुलूस निकाले जाएंगे। इनमें हजारों की संख्या में लोग शामिल होंगे। जिससे सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा किया गया है।

शांति के लिए पुलिस का अलर्ट मोड, खुराफातियों पर कड़ी नजर

होली के दौरान कानून-व्यवस्था को बनाए रखने के लिए हर थाना क्षेत्र में शांति समिति की बैठकें आयोजित की जा रही हैं। पुलिस शरारती तत्वों को पहले से ही चिह्नित कर रही है। ताकि त्योहार के माहौल में कोई खलल न डाल सके। सुरक्षा व्यवस्था में ड्रोन कैमरों से निगरानी, सीसीटीवी की मदद और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने की योजना बनाई गई है।पुलिस ने साफ किया है कि अगर कोई हुड़दंग या अराजकता फैलाने की कोशिश करेगा, तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। 

"होली का पर्व शांति और सौहार्द के साथ मनाने के लिए जिलेभर में सख्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है। 2866 होलिका दहन स्थलों में से 78 संवेदनशील घोषित किए गए हैं। जहां अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। पुलिस हर गतिविधि पर नजर रखेगी और खुराफाती तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। हम जनता से अपील करते हैं कि त्योहार को प्रेम और शांति के साथ मनाएं और किसी भी अफवाह से बचें।"

अनुराग आर्य, एसएसपी बरेली।