थाने जा रहे परिवार को दबंगों ने घेरकर पीटा, कार में की तोड़फोड़

फरीदपुर में मस्जिद से चप्पल चोरी के मामूली विवाद के चलते दबंगों और उनके साथियों ने थाने जा रहे परिवार पर हमला किया। कार क्षतिग्रस्त हुई और परिवार के सदस्य घायल हुए। पुलिस ने 12 नामजद व 20 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।

थाने जा रहे परिवार को दबंगों ने घेरकर पीटा, कार में की तोड़फोड़
थाने जा रहे परिवार को दबंगों ने घेरकर पीटा, कार में की तोड़फोड़
थाने जा रहे परिवार को दबंगों ने घेरकर पीटा, कार में की तोड़फोड़
थाने जा रहे परिवार को दबंगों ने घेरकर पीटा, कार में की तोड़फोड़
HIGHLIGHTS:

➡️ मस्जिद से चप्पल चोरी पर मामूली विवाद से शुरू हुआ विवाद
➡️ दबंग शब्बू और साथियों ने थाने जा रहे परिवार पर हमला किया
➡️ कार के शीशे तोड़े और डंडों से हमला किया
➡️ 12 नामजद और 20 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
➡️ मारपीट में नफीस, शरीफ, तौफीक और हसन घायल
➡️ वायरल वीडियो में शब्बू राइफल के साथ और अन्य लाठी-डंडे लेकर दिखे
➡️ शब्बू का पूर्व आपराधिक इतिहास, दिल्ली और बरेली में दर्ज मामले

हसीन दानिश/ जन माध्यम

फरीदपुर (बरेली)। मस्जिद से चप्पल गायब होने की छोटी-सी बात पर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि दबंगों और उनके साथियों ने थाने में शिकायत दर्ज कराने जा रहे एक पूरे परिवार को रास्ते में घेर लिया और बेरहमी से पीट दिया। आरोपियों ने कार पर डंडों से हमला कर उसे बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनमें दबंग लाठी-डंडे और कथित रूप से राइफल लेकर कार पर टूट पड़ते नजर आ रहे हैं।

पीड़ित की तहरीर पर फरीदपुर पुलिस ने कुख्यात दबंग अहसाव उर्फ शब्बू सहित डॉक्टर आलम और उनके बेटों आरिफ, टिल्लू, सलीम, मोहसिन, एवाव, मेहताब व एहसाव आदि 12 लोगों को नामजद करते हुए 20 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बलवा, मारपीट तथा तोड़फोड़ का मुकदमा दर्ज किया है। मारपीट में घायल नफीस, शरीफ, तौफीक और हसन को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मोहनपुर गांव निवासी उवैस शुक्रवार को गांव की मस्जिद में नमाज अदा करने गए थे। नमाज के बाद उनकी चप्पलें गायब मिलीं। इस पर उन्होंने वहां मौजूद डॉक्टर आलम और उनके बेटे से पूछताछ की, जिससे गाली-गलौज शुरू हो गई। कहासुनी के बाद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया।

अगले दिन शनिवार शाम उवैस का भाई नफीस दुकान जा रहा था, तभी डॉक्टर आलम और उनके साथियों ने उसे घेरकर पीट दिया। इसके बाद उवैस अपने भाई नफीस और अन्य परिजनों के साथ कार से फरीदपुर थाने शिकायत दर्ज कराने जा रहे थे। रास्ते में पितांबरपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास आरोपियों ने उन्हें फिर घेर लिया और परिवार के सदस्यों पर डंडों से हमला कर दिया। पीड़ित किसी तरह भागकर जान बचाने में सफल रहे, लेकिन आरोपियों ने कार के शीशे तोड़ दिए।

उवैस की सूचना पर पहुंची पुलिस को देखते ही आरोपी फरार हो गए। वायरल वीडियो में दबंग शब्बू को कथित रूप से राइफल लिए और अन्य लोगों को लाठी-डंडे लेकर कार पर हमला करते देखा जा सकता है। पुलिस इन वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी की कार्रवाई कर रही है।

इंस्पेक्टर राधे श्याम ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। दूसरे पक्ष की ओर से भी मारपीट के आरोप लगाए गए हैं।

शब्बू का आपराधिक इतिहास

मुख्य आरोपी अहसाव उर्फ शब्बू पर फरीदपुर से दिल्ली तक ड्रग तस्करी के कई मुकदमे दर्ज हैं। वह कई वर्ष दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद रह चुका है। बरेली के विभिन्न थानों में उसके खिलाफ मामले दर्ज हैं। हाल ही में उसके खिलाफ जांच चल रही थी, लेकिन अब वह गांव में सक्रिय हो गया है और प्रधान पद के चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा है।