गौवध के आरोपी छोटा उर्फ राशिद को मुठभेड़ में लगी गोली
कैंट पुलिस ने गौवध के मामले में वांछित छोटा उर्फ राशिद को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी के पैर में गोली लगी और उसके कब्जे से तमंचा व स्कूटी बरामद हुई।
कैंट पुलिस ने वांछित आरोपी छोटा उर्फ राशिद को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक जवाबी फायरिंग में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी।
तमंचा, खोखा कारतूस, स्कूटी और दो छुरियां बरामद होने का दावा।
जन माध्यम
बरेली। थाना कैंट पुलिस ने गौवध के मामले में वांछित आरोपी छोटा उर्फ राशिद को बुधवार तड़के पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के अनुसार 23 अगस्त को नकटिया नदी पुल के पास हाईवे किनारे झाड़ियों में प्लास्टिक के कट्टे में गौवंशीय अवशेष मिले थे। इसके बाद कैंट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले में 30 अगस्त को पैकर इल्मास वारसी खान और नन्हे बाबू उर्फ अतीक खान को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
बुधवार सुबह करीब 3:30 बजे पुलिस गश्त पर थी। इसी दौरान वांछित आरोपी के कठपुला पुल से गुजरने की सूचना मिली। पुलिस ने घेराबंदी की तो स्कूटी सवार आरोपी भागने लगा। पुलिस के मुताबिक फिसलन के कारण स्कूटी गिरने के बाद आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी।
पुलिस ने आरोपी की पहचान छोटा उर्फ राशिद (30) निवासी मीरपुर वाहनपुर, थाना बीसलपुर, पीलीभीत के रूप में की है। वह वर्तमान में फरीदापुर चौधरी, थाना इज्जतनगर, बरेली में रह रहा था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के पास से अवैध तमंचा, तीन खोखा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की स्कूटी, मोबाइल फोन और पशु वध में इस्तेमाल की गई दो छुरियां बरामद हुई हैं। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास और मामले में अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।