जी.पी. क्रिकेट अकादमी की 'बिग बॉयज लीग' का आगाज, 60 दिन तक चलेगा क्रिकेट का महासंग्राम
8 टीमों के बीच होगा मुकाबला, फ्लडलाइट में होंगे सभी मैच, विजेता टीम को मिलेगा विदेश दौरे का अवसर
बरेली में 60 दिनों तक चलेगी बिग बॉयज लीग।
आठ टीमें फ्लडलाइट में 14-14 मुकाबले खेलेंगी।
सभी मैचों का लाइव प्रसारण 'क्रिकेट हीरोज' ऐप पर होगा।
जन माध्यम
बरेली।बरेली के क्रिकेट प्रेमियों के लिए अच्छी खबर है। जी.पी. क्रिकेट अकादमी की ओर से 60 दिनों तक चलने वाली 'बिग बॉयज लीग' का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता के सभी मुकाबले दोहरा रोड स्थित निशांत पटेल स्पोर्ट्स हब में अत्याधुनिक फ्लडलाइट की रोशनी में खेले जाएंगे।
आयोजकों ने प्रेस वार्ता में बताया कि लीग में कुल आठ टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें गज ग्रीन चौधरी, एसएस डायमंड्स, एचबीसीसी (HBCC), राइजिंग टाइगर्स बरेली, युगनी सुपरकिंग्स, पावर स्ट्राइकर्स, जी.पी. राइजिंग स्टार और एसएससी ग्लोबल फाइटर्स शामिल हैं।
टूर्नामेंट की खास बात यह होगी कि प्रत्येक टीम कुल 14 मैच खेलेगी। इनमें 12 नाइट मैच और 2 डे-नाइट मुकाबले होंगे। इससे खिलाड़ियों के साथ-साथ दर्शकों को भी रोमांचक क्रिकेट देखने का अवसर मिलेगा।पूरे टूर्नामेंट का लाइव प्रसारण 'क्रिकेट हीरोज' ऐप पर किया जाएगा, जिससे देश-विदेश में बैठे क्रिकेट प्रेमी भी हर मुकाबले का सीधा आनंद ले सकेंगे।
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता को सफल बनाने में कई प्रतिष्ठित संस्थानों और कंपनियों का सहयोग मिल रहा है। रेडियो सिटी 91.9 एफएम इस टूर्नामेंट का रेडियो पार्टनर है।जी.पी. क्रिकेट अकादमी के पदाधिकारियों गणेश मेहरोत्रा, विशाल मेहरोत्रा, पवन मेहरोत्रा और बी. बांठी ने बताया कि लीग का उद्देश्य स्थानीय क्रिकेट प्रतिभाओं को बड़ा मंच उपलब्ध कराना, प्रतिस्पर्धी क्रिकेट को बढ़ावा देना और बरेली की खेल संस्कृति को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है। उन्होंने शहर के खेल प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की।