भूपेंद्र चौधरी का अखिलेश पर हमला, 2027 में विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ेगी भाजपा
बरेली सर्किट हाउस पहुंचे कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने सपा, कांग्रेस और आजम खान पर निशाना साधा। 2027 का चुनाव विकास के मुद्दे पर लड़ने की बात कही।
भूपेंद्र चौधरी बोले- भाजपा योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विकास के मुद्दे पर लड़ेगी 2027 का चुनाव।
अखिलेश यादव से उनके दस साल के कार्यकाल और विपक्ष की भूमिका का हिसाब मांगने की बात कही।
एक देश-एक चुनाव का समर्थन करते हुए SIR में सभी पात्र नागरिकों को शामिल करने पर दिया जोर।
जन माध्यम
बरेली। कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने बृहस्पतिवार को बरेली सर्किट हाउस पहुंचकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि लंबे समय बाद वह घर से निकलकर गोरखपुर के कार्यक्रम में शामिल हुए हैं। चुनाव नजदीक आते ही उनकी जनता के बीच मौजूदगी दिखाई देने लगती है। प्रदेश की जनता उनसे उनके दस साल के कार्यकाल और विपक्ष के नेता के तौर पर निभाई गई भूमिका का हिसाब मांग रही है।
मंत्री ने कहा कि सपा की राजनीति नकारात्मक एजेंडे पर आधारित है, जबकि भाजपा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में 2027 का विधानसभा चुनाव विकास के मुद्दे पर लड़ेगी। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक काम किए हैं। उनके मुताबिक उत्तर प्रदेश तेजी से बदल रहा है और विकसित प्रदेश बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
आजम खान के सवाल पर बोले- न्यायालय के फैसले का होगा पालन
आजम खान को लेकर पूछे गए सवाल पर भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि उनके खिलाफ सभी मामले न्यायालय के अधीन हैं। आजम खान के उस बयान पर पलटवार करते हुए, जिसमें उन्होंने मुसलमान होने और विश्वविद्यालय बनाने के कारण सजा मिलने की बात कही थी, मंत्री ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय के लिए गरीबों को धमकाकर जमीनों की रजिस्ट्री कराई गई और कब्जे किए गए। उन्होंने कहा कि सरकार न्यायालय के फैसले का अक्षरशः पालन करेगी।
राम और कृष्ण आस्था व विरासत का विषय
भगवान श्रीकृष्ण और श्रीराम जन्मभूमि से जुड़े सवाल पर मंत्री ने कहा कि यह भाजपा के लिए आस्था और विरासत का विषय है। भगवान राम और श्रीकृष्ण का चरित्र प्रेरणादायक है। इसे राजनीतिक चश्मे से नहीं देखा जाना चाहिए।
कांग्रेस पर भी साधा निशाना
कांग्रेस पर हमला बोलते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी मुस्लिम तुष्टीकरण और जाति-भाषा के नाम पर समाज को बांटने की राजनीति कर रही है। उन्होंने राहुल गांधी पर विदेश में देश के खिलाफ बयान देने का आरोप लगाया। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत 2047 तक विकसित राष्ट्र बनेगा।
एक देश-एक चुनाव का किया समर्थन
सोनिया गांधी के बयान और एक देश-एक चुनाव के मुद्दे पर भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि बार-बार चुनाव होने से विकास कार्य प्रभावित होते हैं। आचार संहिता लागू रहने से समय और धन की बर्बादी होती है। इसी वजह से भाजपा एक देश-एक चुनाव का समर्थन करती है।
SIR पर बोले- पात्र मतदाता सूची में शामिल हों
SIR के मुद्दे पर मंत्री ने कहा कि सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल होने चाहिए और अपात्रों के नाम बाहर किए जाने चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष जाति, भाषा और क्षेत्र के नाम पर भ्रम फैलाने की राजनीति कर रहा है।