सामूहिक विवाह की तैयारियों की समीक्षा
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह: बरेली कॉलेज मैदान में 1000 जोड़े बंधेंगे बंधन में, बायोमेट्रिक, 24 उपहार, डीएम की जीरो टॉलरेंस नीति।
➡️ 27-28 नवंबर: 1000 से ज़्यादा जोड़े बंधेंगे विवाह बंधन में
➡️ बरेली कॉलेज मैदान में भव्य आयोजन
➡️ हर जोड़े को 24 उपहार से ज़्यादा बायोमेट्रिक सत्यापन अनिवार्य
➡️ सेल्फी प्वाइंट, चेंजिंग रूम, हेल्थ कैंप, अग्निशमन वाहन
➡️ डीएम अविनाश सिंह: लापरवाही पर जीरो टॉलरेंस
➡️ पारदर्शिता, सुरक्षा और गरिमा सर्वोपरि
डीएम अविनाश सिंह ने दिए सख्त निर्देश पारदर्शिता और व्यवस्था सर्वोपरि
जन माध्यम
बरेली। डीएम अविनाश सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित हुई। आगामी 27 और 28 नवंबर को बरेली कॉलेज मैदान में होने वाला यह वृहद आयोजन इस बार और अधिक व्यवस्थित, पारदर्शी और सुरक्षित हो इसी लक्ष्य के साथ अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में बताया गया कि दो दिनों में कुल लगभग 1000 जोड़े विवाह सूत्र में बंधेंगे, जबकि उनके साथ 12,000 से अधिक परिजन भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। इतने बड़े आयोजन को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। शासन के निर्देशानुसार इस बार वर वधु का बायोमेट्रिक सत्यापन अनिवार्य किया गया है। इसके लिए 09 बायोमेट्रिक मशीनें लगाई जाएंगी और सभी जोड़ों को आधार कार्ड साथ लाने के निर्देश दिए गए हैं। सामूहिक विवाह में प्रत्येक जोड़े को 24 उपहार सामग्रियों का सेट प्रदान किया जाएगा। आयोजन स्थल पर सेल्फी प्वाइंट, वधुओं के लिए चेंजिंग रूम, तथा पंडाल के भीतर सुव्यवस्थित मार्ग बनाए जाएंगे। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से उपहार वितरण को पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से कराने पर जोर दिया। बरेली कॉलेज परिसर की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, स्वास्थ्य शिविर, एम्बुलेंस तथा दो अग्निशमन वाहनों की तैनाती के निर्देश भी दिए गए। साथ ही कार्यक्रम में शामिल सभी परिवारों के लिए पोषक और पर्याप्त भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा सामूहिक विवाह सामाजिक समरसता का प्रतीक है। इसे गरिमा और सम्मान के साथ सम्पन्न कराना हम सभी की जिम्मेदारी है। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी देवयानी सहित परियोजना निदेशक, बीडीओ, जिला सूचना अधिकारी, बीएलओ और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।