आधी रात चैंबरों पर चला बुलडोजर, अधिवक्ताओं का धरना जारी

बरेली में ऑफिसर्स कॉलोनी के पास अधिवक्ताओं के 15-20 चैंबरों पर आधी रात बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में धरना तीसरे दिन भी जारी रहा।

आधी रात चैंबरों पर चला बुलडोजर, अधिवक्ताओं का धरना जारी
HIGHLIGHTS:

ऑफिसर्स कॉलोनी के पास अधिवक्ताओं के करीब 15-20 चैंबरों पर आधी रात बुलडोजर चलाया गया।

अधिवक्ताओं ने फाइलें और सामान गायब होने का आरोप लगाकर कोतवाली में शिकायत दी।

तीसरे दिन भी धरना जारी, समाधान न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी।

जन माध्यम
बरेली।
कचहरी परिसर के पास ऑफिसर्स कॉलोनी के नजदीक सड़क किनारे बने अधिवक्ताओं के करीब 15 से 20 चैंबरों पर नगर निगम की टीम ने आधी रात बुलडोजर चला दिया। कार्रवाई के विरोध में अधिवक्ताओं का धरना तीसरे दिन भी जारी रहा। अधिवक्ताओं ने कार्रवाई के तरीके पर सवाल उठाते हुए जल्द समाधान की मांग की है।

अधिवक्ताओं का आरोप है कि चैंबर हटाने से पहले उन्हें कोई सूचना नहीं दी गई। इसके चलते जरूरी फाइलें, दस्तावेज और अन्य सामान निकालने का मौका नहीं मिला। अधिवक्ताओं ने फाइलें, पंखे और अन्य सामान गायब होने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में शिकायत दी है। उन्होंने मामले की जांच कराने और सामान बरामद कराने की मांग की है।

अधिवक्ताओं के मुताबिक वे करीब पांच वर्षों से यहां विधिक कार्य कर रहे थे। अचानक हुई कार्रवाई को लेकर उनमें आक्रोश है। अधिवक्ताओं ने कार्रवाई को ‘लूट’ बताते हुए जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है।

विरोध के क्रम में 15 अगस्त को अधिवक्ताओं ने हाथों में हथकड़ी पहनकर प्रदर्शन किया। दोनों बार एसोसिएशन ने भी आंदोलन को समर्थन दिया है। धरने पर बैठे अधिवक्ताओं का कहना है कि चैंबरों को हटाने से पहले उन्हें सामान सुरक्षित निकालने का अवसर मिलना चाहिए था।

अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों का जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने उग्र प्रदर्शन की भी चेतावनी दी है। फिलहाल धरना जारी है और मामले में प्रशासनिक स्तर पर समाधान की मांग को लेकर अधिवक्ता आंदोलन पर डटे हुए हैं।