बरेली में पुरानी रंजिश में युवक की गोली मारकर हत्या, खेत में शौच के दौरान वारदात

बरेली के भमोरा क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते युवक की गोली मारकर हत्या, खेत में शौच के दौरान हुई वारदात

बरेली में पुरानी रंजिश में युवक की गोली मारकर हत्या, खेत में शौच के दौरान वारदात
HIGHLIGHTS:

खेत में शौच के दौरान युवक की हत्या

पुरानी रंजिश में ताबड़तोड़ फायरिंग

मौके पर ही युवक की मौत

पुलिस जांच में जुटी

हसीन दानिश 
जन माध्यम

बरेली। सुबह का वक्त, खेत की ओर जाता एक युवक और फिर अचानक गोलियों की गूंज—कुछ ही पलों में एक जिंदगी खत्म हो गई और गांव में सन्नाटा छा गया।

थाना भमोरा क्षेत्र के भीकमपुर गांव में शनिवार सुबह पुरानी रंजिश ने खूनी रूप ले लिया। खेत में शौच के लिए गए कल्लू उर्फ कल्याण को घात लगाकर बैठे हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

परिजनों के अनुसार कल्याण सुबह खेत की ओर गए थे। इसी दौरान पहले से छिपे बैठे आरोपियों ने उन्हें निशाना बनाते हुए लगातार फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़े और घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

फायरिंग के दौरान आरोपी पक्ष के जुगेंद्र नामक व्यक्ति के घायल होने की भी सूचना है।

मृतक के भाई धर्मपाल ने बताया कि गांव के कुछ लोगों से उनके परिवार की लंबे समय से रंजिश चल रही थी। दो साल पहले भी उनके भाई महेंद्र के साथ मारपीट की घटना हुई थी।

बताया गया कि चार दिन पहले दोनों पक्षों में फिर विवाद हुआ था, जो थाने तक पहुंचा था। शुक्रवार को समझौते की बात चल रही थी, लेकिन उससे पहले ही यह सनसनीखेज हत्या हो गई।

घटना के बाद पूरे गांव में दहशत फैल गई। ग्रामीणों का कहना है कि मृतक के खिलाफ पहले भी कई मुकदमे दर्ज थे, हालांकि परिजन इसे साजिशन की गई हत्या बता रहे हैं।

सूचना मिलते ही सीओ नितिन कुमार और थाना प्रभारी पवन कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।

परिजनों का आरोप है कि पहले से चल रहे विवाद के बावजूद पुलिस ने समय रहते कोई सख्त कार्रवाई नहीं की, जिसके चलते यह घटना हुई।

पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।